Video: टॉर्च की रोशनी में हुआ मरीज का इलाज, वीडियो वायरल होने पर CMO बोले- 'जांच कमेटी बनाई है'
Edited by : Pratik Sahu
वीडियो में देखा जा सकता है कि डॉक्टर टॉर्च की रोशनी में इलाज कर रहे हैं। वहीं, मरीज के परिजन मोबाइल की टॉर्च जलाकर डॉक्टर की मदद कर रहे हैं।
दरअसल दो मिनट 9 सेकेंड के एक वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक मरीज का इलाज किया जा रहा है और वहां मौजूद मरीज के परिजन मोबाइल की टार्च जलाये हुए हैं।
टेक्निकल फॉल्ट के कारण नहीं चला जनरेटर
वायरल वीडियो मनियर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का है, जहां देर रात एक्सीडेंट में घायल मरीज का इलाज टॉर्च की रोशनी में हो रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी आनंद सिंह बलिया का कहना है कि मनियर में जो घटना हुई उसकी जानकारी हमको सुबह पता चली। वहां के जो प्रभारी हैं, उन्होंने बताया कि जनरेटर में तेल था, लेकिन टेक्निकल फॉल्ट होने की वजह से जनरेटर चालू नहीं हो पाया, उसी बीच मरीज आ गया। इस पूरे मामले में जांच कमेटी बनाई गई है। जांच कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित ने बताई आपबीती
पीड़ित के बेटे ने बताया कि वह अपने पिता के साथ बाइक से जा रहा था। मनियर हनुमान मंदिर के पास स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उसके पिता के पैर में गंभीर चोट लग गई। एंबुलेंस को फोन कर बुलाया गया। वह मनियर पीएचसी पहुंचे तो वहां कोई डॉक्टर नहीं था। अस्पताल में बिजली भी नहीं थी। ऐसे में मोबाइल की टॉर्च जला करके इलाज किया गया। अस्पताल में जनरेटर था, लेकिन खराब था। पिता के पैर में गंभीर चोट लगी है। हड्डी भी टूट गई है। ऐसे में उन्हें बलिया रेफर कर दिया गया।
