जम्मू-कश्मीर: किशोर सुधार गृह से फरार हुए 2 पाकिस्तानी नागरिकों को पुलिस ने पंजाब से दबोचा, पुलिसकर्मियों को घायल करके भागे थे

 

जम्मू-कश्मीर: किशोर सुधार गृह से फरार हुए 2 पाकिस्तानी नागरिकों को पुलिस ने पंजाब से दबोचा, पुलिसकर्मियों को घायल करके भागे थे




जम्मू कश्मीर के आरएसपुरा स्थित किशोर सुधार गृह से सोमवार को 2 पाकिस्तानी नागरिक फरार हो गए थे। उन्हें पुलिस ने पंजाब से पकड़ लिया है।

आरएसपुरा: जम्मू कश्मीर के आरएसपुरा स्थित किशोर सुधार गृह से फरार हुए 2 पाकिस्तानी नागरिकों को फिर से पकड़ लिया गया है। पुलिस ने इन दोनों को पंजाब के लुधियाना से दबोचा है। हालांकि अधिकारियों ने बताया है कि अभी एक स्थानीय गैंगेस्टर अभी भी फरार है।

सोमवार को क्या हुआ था?

सोमवार को ये खबर सामने आई थी कि जम्मू के आरएसपुरा किशोर गृह से 2 पाकिस्तानी नागरिक और एक स्थानीय व्यक्ति फरार हो गया था। इसके बाद जम्मू और अन्य जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया था। इनमें से 2 पाकिस्तानी नागरिक तो पकड़ लिए गए हैं लेकिन एक स्थानीय व्यक्ति अभी भी फरार है, जोकि एक गैंगेस्टर है।

सोमवार को जब ये तीनों लोग फरार हुए थे तो उसका सीसीटीवी भी सामने आया था। इसमें देखा गया था कि भागने वालों ने ड्यूटी पर तैनात 2 पुलिसकर्मियों पर हमला कर उन्हें घायल किया था और फिर मौके से फरार हो गए थे। घायल पुलिसकर्मियों की पहचान विनय कुमार (एसपीओ) और हेड कांस्टेबल परवीन कुमार के रूप में हुई थी। 

फरार होने वाले 2 पाक नागरिक और एक स्थानीय नागरिक कौन था?

  1. अहसान अनवर, पुत्र-मोहम्मद अनवर, निवासी ननकाना साहिब, पंजाब, पाकिस्तान
  2. मोहम्मद सनाउल्लाह, पुत्र- मोहम्मद जफ्फर, निवासी बस्ती जवेवाला, तहसील दीनपुर, जिला मुजफ्फरबाद, पंजाब, पाकिस्तान
  3. स्थानीय व्यक्ति करणजीत सिंह उर्फ ​​गुग्गा, पुत्र-अर्जुन सिंह, निवासी डबलेहर, आरएसपुरा 

जैसे ही इन तीनों के फरार होने की खबर सामने आई, वैसे ही जम्मू कश्मीर में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में आसपास के जिलों में हाई अलर्ट कर दिया गया। इसके बाद जगह-जगह पुलिस ने नाकेबंदी की और सर्च ऑपरेशन चलाया। फरार लोगों को पकड़ने के लिए स्पेशल टीमें बनाई गईं और आखिरकार पंजाब में जम्मू कश्मीर पुलिस को सफलता मिली और पुलिस ने 2 पाक नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया। अब केवल एक स्थानीय नागरिक फरार है, जिसको पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

US: Another Afghan national arrested in Texas over TikTok 'bomb-making' video

राज्यसभा चुनाव के लिए मध्य प्रदेश और कर्नाटक से बीजेपी उम्मीदवारों का ऐलान, विधान परिषद के लिए भी दो नाम दिए