यामानाशी से भी खूबसूरत यूपी! जापान में CM योगी ने कहा- निवेश के लिए बेस्ट जगह है उत्तर प्रदेश
यामानाशी से भी खूबसूरत यूपी! जापान में CM योगी ने कहा- निवेश के लिए बेस्ट जगह है उत्तर प्रदेश
जापान दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यामानाशी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश को निवेश के लिए देश का सबसे उपयुक्त राज्य बताया। उन्होंने कहा कि 25 करोड़ की आबादी वाला उत्तर प्रदेश भारत का सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार है, जहां निवेश के अपार अवसर मौजूद हैं।
जापान में औद्योगिक और तकनीकी सहयोग पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने यामानाशी के गवर्नर कोटारो नागासाकी के साथ द्विपक्षीय बैठक में औद्योगिक निवेश, तकनीकी सहयोग, कृषि प्रोसेसिंग और हरित ऊर्जा पर चर्चा की। दोनों पक्षों ने पारस्परिक सहयोग को नई दिशा देने और निवेश को बढ़ावा देने पर सहमति जताई।
यूपी: वैश्विक निवेश और पर्यटन का केंद्र
योगी आदित्यनाथ ने भारतीय समुदाय और निवेशकों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब दीपोत्सव, महाकुंभ और वैश्विक निवेश का केंद्र बन चुका है। उन्होंने बताया कि पहले कानून-व्यवस्था और बुनियादी ढांचे की स्थिति चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन अब सड़कें बेहतर हैं और 24 घंटे बिजली सुनिश्चित की जा रही है।
जापान में निवेश प्रस्ताव और हाइड्रोजन फैसिलिटी का दौरा
यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने यामानाशी हाइड्रोजन फैसिलिटी P2G का दौरा किया और स्वच्छ ऊर्जा तकनीक को समझा। पहले दिन ही टीम यूपी को लगभग 11 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले। इस दौरान कुबोता कारपोरेशन, मिंडा कारपोरेशन, जापान एविएशन इलेक्ट्रानिक्स इंडस्ट्री सहित कई कंपनियों के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।