केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को मिली जान से मारने की धमकी, अनजान नंबर से आया फोन

 

केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को मिली जान से मारने की धमकी, अनजान नंबर से आया फोन



केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, अनजान नंबर से फोन कर के उन्हें धमकी दी गई है।


भारत के केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख जयंत चौधरी से जुड़ी हुई बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी दी गई है। अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार, जयंत चौधरी को ये धमकी अनजान नंबर से फोन कर के दी गई है। जयंत चौधरी की तरफ से पुलिस को इस मामले में शिकायत दे दी गई है।

शिकायत में क्या कहा गया?

पुलिस को दी गई शिकायत में लिखा गया है- "महोदय, दिनांक 18 मार्च 2026 को सुबह लगभग 11:00 बजे मेरे मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर 7797623577 से फोन आया। फोन उठाते ही कॉल करने वाला व्यक्ति माननीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं शिक्षा राज्य मंत्री, भारत सरकार श्री जयंत चौधरी जी को जान से मारने की धमकी देने लगा। उसने मुझसे पूछा कि क्या मैंने ये कागज देखे हैं जो उसने मेरे फोन पर भेजे हैं और साथ ही उसने MP5 जैसे हथियारों का जिक्र करते हुए कहा कि यह इन्हीं से मारेगा। इतना कहकर उसने फोन काट दिया।"

शिकायत में आगे लिखा गया है- "जब मैंने उसके नंबर से आए व्हाट्सएप संदेशों को खोलकर देखा, तो उसमें माननीय मंत्री जी का सरकारी दूर प्रोग्राम (प्रति संलग्न) था, जिस पर स्पष्ट रूप से इनको गोली मार दो लिखा हुआ था। इसके अतिरिक्त, उसने व्हाट्सएप पर लोकेशन और कुछ वॉयस मैसेज भी भेजे जिनमें निरंतर जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। उस नंबर पर जब दोबारा फोन करके उससे पूछा गया कि माननीय मंत्री जी का टूर प्रोग्राम उसके पास कहां से आया, तो उसने जवाब दिया कि उसे यह ऊपर से भेजा गया है।"

'अज्ञात व्यक्ति आवास की जासूसी कर रहा'

शिकायत के मुताबिक- "इस घटना के तुरंत बाद हमने फोन के माध्यम से तुगलक रोड थानाध्यक्ष को सूचना दी और मोबाइल पर प्राप्त सभी साक्ष्य पुलिस को भेज दिए। इस बीच एक और गंभीर जानकारी सामने आई है कि कोई अज्ञात व्यक्ति हमारे आवास के पिछले गेट की जासूसी कर रहा है और इस बात की निगरानी रख रहा है कि दरवाजा किस समय खुलता-बंद होता है और कौन आता-जाता है। लगभग तीन दिन पहले रात 9:00 से 10:00 बजे के बीच एक सफेद रंग की स्विफ्ट गाड़ी, जिसके शीशे काले थे, कोठी के दूसरी तरफ काफी देर तक खड़ी रही और उसमें सवार लोग कोठी की निगरानी कर रहे थे। कृपया मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी गंभीरता से जाँच की जाए।"

आपको बता दें कि 47 साल के जयंत चौधरी वर्तमान में राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष हैं। वह साल 2024 से ही केंद्र की NDA सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)- कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय, राज्य मंत्री- शिक्षा का प्रभार संभाल रहे हैं।

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

US: Another Afghan national arrested in Texas over TikTok 'bomb-making' video

यूपी में फिर चली 'तबादला एक्सप्रेस'! योगी सरकार ने किया 20 IAS अफसरों का ट्रांसफर

राज्यसभा चुनाव के लिए मध्य प्रदेश और कर्नाटक से बीजेपी उम्मीदवारों का ऐलान, विधान परिषद के लिए भी दो नाम दिए