ईरान पर हमले से भारत में हिंसा भड़कने का डर, गृह मंत्रालय ने राज्यों को पत्र लिखकर आगाह किया
ईरान पर हमले से भारत में हिंसा भड़कने का डर, गृह मंत्रालय ने राज्यों को पत्र लिखकर आगाह किया
ईरान पर अमेरिका और इजरायल की नॉनस्टॉप स्ट्राइक जारी है। तेहरान समेत ईरान के बड़े शहरों पर लगातार बम बरस रहे हैं। तेहरान में सबसे ज्यादा तबाही देखने को मिल रही है। इन हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह खामेनेई की भी मौत हो गई है जिसके बाद ईरान बदले की आग में जल रहा है। ईरान ने इजरायल समेत 9 देशों को निशाना बनाया है और मिसाइल व ड्रोन से हमले किए हैं। ईरान के अलावा कई अन्य देशों में अयातुल्लाह खामेनेई की मौत के विरोध में प्रदर्शन हो रहे हैं। इस बीच भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने राज्यों को पत्र लिखकर आगाह किया है।
गृह मंत्रालय ने क्या कहा?
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्यों को पत्र लिखकर ईरान पर इजरायल-अमेरिका के हमलों के मद्देनजर भारत में संभावित हिंसा के प्रति आगाह किया है। यह पत्र 28 फरवरी को प्रसारित किया गया था, जिसमें राज्यों से "भड़काऊ उपदेश देने वाले ईरान समर्थक कट्टरपंथी उपदेशकों" की पहचान करने को कहा गया था। जानकारी के मुताबिक, गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को पत्र लिखा है। पत्र में मध्य पूर्व एशिया में चल रहे युद्ध के बाद भारत में कई स्थानों पर हो रहे प्रदर्शनों को लेकर आगाह किया है। प्रदर्शनों के हालात में कानून व्यवस्था पर नजर बनाए रखने की जरूरत की बात कही गई है।
ईरान पर अब तक का सबसे घातक हमला
अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर अब तक का सबसे घातक हमला किया है। अमेरिका का दावा है कि उसने खामेनेई समेत ईरान के 40 से ज्यादा नेता और कमांडरों को मार दिया है। ईरान पर हमले को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान को नई धमकी दी है। एक वीडियो मैसेज जारी कर ट्रंप ने ईरान को बड़ी धमकी दी है। ट्रंप ने कहा कि जब तक अमेरिका के सारे मकसद पूरे नहीं हो जाएंगे तब तक ईरान पर हमले जारी रहेंगे।
ईरान ने भी किए जवाबी हमले
दूसरी ओर ईरान ने एक बार फिर मिडिल ईस्ट में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ईरान ने इजरायल, कुवैत, यूएई, कतर, बहरीन समेत कई देशों पर मिसाइल और ड्रोन से हमला बोला है। अब तक अमेरिका ने अपने 3 सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि भी कर दी है।