Good News! भारत पहुंचने वाली है एलपीजी की बड़ी खेप, दो टैंकरों ने होर्मुज स्ट्रेट को क्रॉस किया
Good News! भारत पहुंचने वाली है एलपीजी की बड़ी खेप, दो टैंकरों ने होर्मुज स्ट्रेट को क्रॉस किया
एलपीजी के दो भारतीय टैंकर होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित निकलकर भारत की ओर रवाना हो चुके हैं। दोनों टैंकर 26 से 28 मार्च तक भारतीय बंदरगाहों तक पहुंच जाएंगे।
92,612.59 मीट्रिक टन एलपीजी
मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक दोनों जहाजों में कुल 92,612.59 मीट्रिक टन एलपीजी है। एलपीजी की यह बड़ी खेप भारत की घरेलू गैस सप्लाई को बनाए रखने के लिए बेहद अहम है। बताया गया कि जग वसंत और पाइन गैस दोनों जहाज होर्मुज स्ट्रेट के खतरनाक इलाके से निकलकर भारत की ओर रवाना हो चुके हैं और इनके 26 और 28 मार्च के बीच भारतीय बंदरगाहों पर पहुंचने की संभावना जताई गई है।
जानकारी के मुताबिक जग वसंत पर 33 भारतीय नाविक और पाइन गैस पर 27 भारतीय नाविक तैनात हैं। कुल 60 नाविकों के साथ दोनों जहाज अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग के सबसे संवेदनशील हिस्से से सुरक्षित बाहर निकल आए हैं। शिपिंग मिनिस्ट्री और नौसेना इन जहाजों पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का महत्व
बता दें कि होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल और गैस शिपिंग मार्गों में से एक है। वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का एक बड़ा हिस्सा इसी से होकर गुजरता है। ईरान के साथ अमेरिका- इजरायल का युद्ध जारी रहने से इस इलाके से गुजरने वाले शिपिंग टैंकर और कार्गो पर बड़ा खतरा पैदा हो गया है। ईरान ने होर्मुज से जहाजों के गुजरने पर पाबंदी लगा रखी है। हालांकि बाद में ईरान की ओर से कहा गया कि वह केवल अपने दुश्मन देश के जहाजों को नहीं गुजरने देगा।
