विकसित तमिलनाडु से बनेगा विकसित भारत', PM मोदी ने मदुरै में प्रदेशवासियों को दिए कई तोहफे
विकसित तमिलनाडु से बनेगा विकसित भारत', PM मोदी ने मदुरै में प्रदेशवासियों को दिए कई तोहफे
मीनाक्षी अम्मन और भगवान सुंदरेश्वर को नमन करता हूं'
मदुरै की महिमा बताते हुए उन्होंने कहा, 'पवित्र और ऐतिहासिक नगर मदुरै में आकर मैं स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। मैं मीनाक्षी अम्मन और भगवान सुंदरेश्वर को नमन करता हूं। आज का यह आयोजन तमिलनाडु की विकास यात्रा में एक गौरवपूर्ण अध्याय का प्रतीक है। हमने 4400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की आधारशिला रखी है, उनका उद्घाटन किया है और उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया है। ये परियोजनाएं कनेक्टिविटी में बदलाव लाएंगी, अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देंगी, रोजगार सृजित करेंगी और लाखों लोगों के जीवन को बदल देंगी।'
पीएम मोदी ने कई विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन
पीएम मोदी ने बताया कि तमिलनाडु को 9 'वंदे भारत' ट्रेन और 9 'अमृत भारत' ट्रेन का लाभ मिला है, जिनके डिब्बे चेन्नई के ICF में बने हैं। उन्होंने कहा, 'पिछले दशक की तुलना में तमिलनाडु के बुनियादी ढांचे के लिए वित्त पोषण तीन गुना बढ़ा है। 2026 के बजट में बेंगलुरु-चेन्नई और चेन्नई-हैदराबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का प्रस्ताव है, जिससे पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव आएगा।' इस दौरान प्रधानमंत्री ने मुख्य राष्ट्रीय राजमार्गों के मरकन्नम-पुदुचेरी खंड तथा परमाकुड़ी-रमणाथपुरम खंड को 4 लेन बनाने की आधारशिला भी रखी। उन्होंने तमिलनाडु में 8 रिनोवेटेड रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करने के अलावा कई और प्रोजेक्ट्स को जनता को सौंपा।
तमिलनाडु चुनावों में NDA को हो सकता है फायदा
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों से ठीक पहले हुई है, जहां बीजेपी और AIADMK की अगुवाई में NDA मजबूत प्रदर्शन की कोशिश में है। सियासी एक्सपर्ट्स का मानना है कि चुनावों से पहले पीएम मोदी का यह दौरा और विकास को लेकर उनका संदेश NDA को काफी फायदा पहुंचा सकता है। वहीं, मदुरै जैसे धार्मिक महत्व के शहर में मंदिर दर्शन और स्थानीय मुद्दों पर फोकस से भावनात्मक जुड़ाव बढ़ेगा। एनडीए नेताओं का मानना है कि यह दौरा गठबंधन को ऊर्जा देगा, ग्रामीण-शहरी वोटरों में केंद्र के कामों का प्रचार करेगा और डीएमके सरकार के खिलाफ असंतोष को भुनाने में मदद करेगा।