"कांग्रेस में राहुल गांधी को हटाने का बन रहा माहौल", कांग्रेस सांसद के आरोपों पर देवेंद्र फडणवीस का बड़ा बयान
"कांग्रेस में राहुल गांधी को हटाने का बन रहा माहौल", कांग्रेस सांसद के आरोपों पर देवेंद्र फडणवीस का बड़ा बयान
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने दावा किया कि कांग्रेस में राहुल गांधी को हटाने का माहौल बन रहा है, क्योंकि वह पार्टी को चुनाव में जीत नहीं दिला पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सिर्फ अपने अस्तित्व के लिए लड़ रहे हैं।
इससे पहले, दिन में राहुल गांधी ने एक कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला किया। गांधी ने आरोप लगाया कि इन संगठनों का मुख्य उद्देश्य भारत के संविधान को समाप्त करना है। उन्होंने कहा, "संविधान के बिना जिसे हम भारत कहते हैं, वह नहीं होता। आज जो लोग RSS-BJP की सोच के हैं, वे संविधान को खत्म करना चाहते हैं। वे कुछ भी कहें, उनका असली उद्देश्य संविधान को मिटाना है क्योंकि वे नहीं चाहते कि भारत में सभी को समान माना जाए।"
हमारा उद्देश्य संविधान की रक्षा करना: राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, "वे (आरएसएस-भाजपा) चाहे जो करें, वे आंबेडकर जी की प्रतिमा के सामने सिर भी झुकाते हैं, लेकिन उनका उद्देश्य संविधान को खत्म करना है। हमारा उद्देश्य संविधान की रक्षा करना और उसे मजबूत करना है।" नीले रंग की टी-शर्ट पहने राहुल ने कहा, "हम चाहते हैं कि संविधान की भावना और उसकी रक्षा का संदेश देश के हर कोने तक पहुंचे और इसी वजह से हमने 'रन फॉर आंबेडकर, रन फॉर कॉन्स्टीट्यूशन' का आयोजन किया है।''
बाद में फेसबुक पर एक पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने मंडी हाउस से कांग्रेस की अनुसूचित जाति (एसटी) इकाई द्वारा आयोजित मैराथन को हरी झंडी दिखाई। गांधी ने कहा, ''यह दौड़ बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के आदर्शों और भारत के संविधान के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।'' उन्होंने कहा, ''आज जब संवैधानिक मूल्यों पर हमला हो रहा है, हमें एकजुट होकर हर अन्याय और भेदभाव के खिलाफ उसी संकल्प के साथ लड़ना होगा, जैसा बाबा साहेब ने दिखाया था। जय भीम, जय संविधान, जय हिंद।''
इसके बाद सीएम फडणवीस ने दावा किया, "कांग्रेस में राहुल गांधी को हटाने का माहौल बन रहा है, क्योंकि वह पार्टी के लिए चुनावी जीत सुनिश्चित करने में असमर्थ हैं।" उन्होंने कहा कि गांधी ने अपनी पार्टी के भीतर जारी संघर्ष से ध्यान हटाने के लिए ऐसे बयान दिए हैं।
