'एक सुरक्षाकर्मी मिलता था दुबला-पतला, उनकी सुरक्षा भी हमें करनी पड़ती थी', रवि किशन ने ममता बनर्जी पर साधा निशाना
'एक सुरक्षाकर्मी मिलता था दुबला-पतला, उनकी सुरक्षा भी हमें करनी पड़ती थी', रवि किशन ने ममता बनर्जी पर साधा निशाना
भाजपा सांसद रवि किशन ने पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार की आपबीती सुनाई है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें एक दुबला-पतला सा सुरक्षाकर्मी दिया गया, जिसकी सुरक्षा उन्हें खुद करनी पड़ती थी।
'बंगाल में कभी भी हो सकती है हत्या'
मालदा की घटना पर सुप्रीम कोर्ट के बयान को लेकर बीजेपी सांसद रवि किशन ने कहा, "मैं सुप्रीम कोर्ट को धन्यवाद देता हूं।" उन्होंने आगे कहा, "पिछले दो चुनावों से जब भी मैं प्रचार के लिए निकलता था, तो वहां भी मुझे सुरक्षा मुहैया नहीं कराई जाती थी। बड़ी दिक्कत होती थी। एक सुरक्षाकर्मी मुझे दिया गया था दुबला-पतला सा था, उसकी सुरक्षा भी हमको करनी पड़ती थी। ये वहां की स्थिति है। यह एक गंभीर समस्या थी। वहां पर कब अटैक हो जाए, कब कौन किसकी हत्या कर दे, भीड़ आकर किसी को मार दे, प्रचार में भाजपा के सांसद, विधायक, मंत्रियों के साथ ऐसा होता रहा है। इतिहास भी आप लोग जानते हैं, अब तक वहां सैकड़ों बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है।"
'बीजेपी सरकार बना रही है'
ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए रवि किशन ने कहा, "दीदी को मैं आप लोगों के माध्यम से बताना चाहता हूं कि दीदी चुनाव हार रही हैं और बीजेपी सरकार बना रही है। हेमा मालिनी जी के कार्यक्रमों को वहां अनुमति नहीं दी जाती है। उनके बहुत अच्छे क्लासिकल प्रोग्राम होते हैं। इससे पता चलता है कि कितनी ओछी मानसिकता है, कितने डरे हुए लोग हैं, कितनी डरी हुई सरकार है। डर में उन्होंने अपनी एक दुनिया बनाई है। अपने लोग, बांग्लादेशी वोटर, अपने हिसाब से चुनाव जीतना, बम फेंक कर मारना, डराना... लेकिन अब वो समय खत्म हो गया। अब वहां बदलाव आ रहा है, भाजपा की सरकार बन रही है। आपका आतंक, आपके लोगों का डर और भय जो आपने इतने सालों से बनाकर रखा है, उसका अंत होने जा रहा है इस चुनाव में, आप लोग मेरी बात गौर कर लीजिएगा।"
