असम में वोटिंग खत्म होने के बाद CM हिमंता का पहला बयान, बताया NDA कितनी सीटें जीत सकता है
असम में वोटिंग खत्म होने के बाद CM हिमंता का पहला बयान, बताया NDA कितनी सीटें जीत सकता है
असम सभी 126 विधानसभा सीटों पर वोटिंग संपन्न हो गई है। राज्य के लोगों ने चुनाव में बढ़-चढ़कर वोट किया है। अब वोटिंग खत्म होने के बाद CM हिमंता का पहला बयान भी सामने आ गया है।
क्या बोले सीएम हिमंता?
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा, "बांग्लादेशी मूल के मुस्लिम समुदाय में मतदान प्रतिशत 95 से 96 प्रतिशत रहता था, जबकि असम के बाकी समाज में यह लगभग 75-76 प्रतिशत होता था। इस बार दोनों समुदायों के बीच कड़ी टक्कर थी, और मुझे लगता है कि कुल मतदान प्रतिशत 86-87 प्रतिशत के आसपास रहेगा। पारंपरिक रूप से मतदान में सक्रिय रूप से भाग लेने वाले समाजों ने निश्चित रूप से अधिक संख्या में मतदान किया है, लेकिन जिन समाजों में पारंपरिक रूप से कम मतदान होता है, उन्होंने भी इस बार उत्साहपूर्वक भाग लिया है। चुनाव परिणामों के बारे में अभी से बात करना उचित नहीं है, लेकिन अगर भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन एनडीए तिहरे अंक तक पहुंच जाए तो आश्चर्य की बात नहीं होगी।"
जनता ने घुसपैठियों के खिलाफ मतदान किया- CM
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा, "मेरे शुरुआती आंकलन के मुताबिक, हमारे सहयोगी, AGP (असम गण परिषद), ने पहले ही दो मुस्लिम बहुल सीटें जीत ली हैं, या उनमें जीत के कगार पर है। भाजपा ने भी एक मुस्लिम बहुल सीट पर कड़ी टक्कर दी है। हम उस सीट के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। हम वह सीट जीत भी सकते हैं और कुछ हजार वोटों के अंतर से हार भी सकते हैं। कुल मिलाकर, महिलाओं और युवाओं ने असम की पहचान के लिए मतदान किया है, घुसपैठियों के खिलाफ मतदान किया है, और इस बार जनता ने असम की संस्कृति को संरक्षित करने के लिए अपना वोट डाला है।"
आपको बता दें कि असम की सभी 126 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को एक ही चरण में वोटिंग पूरी कर ली गई है। असम चुनाव के परिणाम आगामी 4 मई को जारी किए जाएंगे। राज्य में बहुमत का आंकड़ा 64 सीटों का है।
