बिहार: बीजेपी के पूर्व MLC के रिश्तेदारों पर चलीं अंधाधुंध गोलियां, भांजे की गई जान, बहनोई घायल, एक आरोपी का हाफ एनकाउंटर
Edited by : Pratik Sahu
बीजेपी के पूर्व एमएलसी के रिश्तेदारों पर गोलियां तब बरसाई गईं, जब वह किसी शादी में जाने के लिए तैयारी कर रहे थे। तभी कार में सवार कुछ बदमाश आए और एक मामूली सी कहासुनी के बाद उनपर गोलियां बरसा दीं।
गाड़ी में पीछे से मारी टक्कर
बता दें कि चंदन सिंह और हर्ष सिंह यह दोनों पिता-पुत्र हैं। भाजपा नेता मनोज कुमार सिंह के बहनोई और भांजा हैं। घटना के संबंध में सिवान शहर के नगर थाना क्षेत्र के ढाला ओवरब्रिज के नजदीक पहले से एक तिलक समारोह में जाने के लिए गाड़ी खड़ी थी। इस दौरान मनोज सिंह के बहनोई चंदन सिंह और उनके पुत्र हर्ष सिंह अपनी गाड़ी से अपने रिश्तेदार के यहां तिलक में जाने की तैयारी में ही थे, तभी इनकी थार गाड़ी में एक कार ने पीछे से टक्कर मार दी।
इलाज के दौरान भांजे हर्ष सिंह की मौत
इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते कार में सवार हाफ पैंट पहने युवक बाहर निकलकर चंदन सिंह और उनके पुत्र हर्ष सिंह को गोली मार दिया। इसके बाद हर्ष सिंह का इलाज के दौरान सिवान के सदर अस्पताल में मौत हो गई।
बहनोई चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल
घायल चंदन सिंह और उनके पुत्र हर्ष सिंह अपने रिश्तेदार के यहां तिलक समारोह में पचरुखी के आलापुर गांव जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान यह घटना उन लोगों के साथ घट गई। चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें रेफर कर दिया गया।
बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे लोग
इस घटना के बाद सिवान के पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा के साथ पूरा पुलिस दल का महकमा सदर अस्पताल में पहुंच गया। पुलिस की टीम मामले की तहकीकात में जुट गई। हालांकि, दूसरी तरफ जैसे ही यह जानकारी तमाम भाजपा नेताओं को मिली सभी लोग सिवान के सदर अस्पताल में देखने के लिए पहुंच गए।
एक आरोपी का हाफ एनकाउंटर
इस घटना के बाद पुलिस हरकत में आई और जानकारी के मुताबिक पहले सुबह हुसैनगंज के हथौड़ा गांव में पुलिस ने हाफ काउंटर किया। इसमें बताया जा रहा है कि एक विक्की यादव नामक युवक को दोनों पैर में गोली लगी है। हालांकि, इस घटना में जानकारी के मुताबिक तीन लोगों की पुलिस ने पहचान कर ली है। एक आरोपी का हाफ काउंटर हुआ है। उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए उसे बाहर उपचार के लिए रेफर कर दिया गया। इस घटना को लेकर के सीवान की पुलिस एक-एक बिंदुओं पर छानबीन कर रही है।
