दिल्ली में महिलाओं की बल्ले-बल्ले, अब स्टार्टअप्स को बिना गारंटी मिलेगा 10 करोड़ तक का लोन
Edited by : Pratik Sahu
दिल्ली में रेखा गुप्ता सरकार ने महिलाओं को लेकर बड़ा ऐलान किया है। सीएम के ऐलान के बाद अब 'वोकल फॉर लोकल', 'आत्मनिर्भर भारत' और 'एक जिला, एक उत्पाद' को बढ़ावा मिलेगा।
महिलाएं बनेंगी आत्मनिर्भर
सीएम रेखा गुप्ता ने बयान में कहा, 'राजधानी की महिलाओं को आत्मनिर्भर, उद्यमी और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए व्यापक स्तर पर काम किया जा रहा है। महिला स्वयं सहायता समूहों और स्टार्टअप के लिए 10 करोड़ रुपये तक के बिना किसी गारंटी के ऋण की व्यवस्था की गई है।'
लोन के लिए दिल्ली सरकार देगी गारंटी
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे कर्ज के लिए दिल्ली सरकार स्वयं गारंटी देगी। उन्होंने शनिवार को रोहिणी में आयोजित दो दिवसीय 'मेगा स्वयं सहायता समूह (SHG) मेला-2026' के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार 'वोकल फॉर लोकल', 'आत्मनिर्भर भारत' और 'एक जिला, एक उत्पाद' की अवधारणा को बढ़ावा दे रहे हैं।
मेले में करीब 24 स्वयं सहायता समूहों ने लिया हिस्सा
सीएम ने कहा कि एसएचजी मेला महिलाओं द्वारा तैयार स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने और उन्हें व्यापक बाजार से जोड़ने का एक प्रयास है। इस मेले में करीब 24 स्वयं सहायता समूहों ने हिस्सा लिया। मेले में हस्तशिल्प, क्रोशिया कार्य, खादी, घरेलू उत्पाद, खाद्य सामग्री और अन्य हस्तनिर्मित वस्तुओं का प्रदर्शन और बिक्री की गई।
