दिल्ली: खजूरी में बदमाश की गोली मारकर हत्या, 3 राउंड गोलियां चलीं, कई आपराधिक मामले थे दर्ज
Edited by : Pratik Sahu
दिल्ली के खजूरी में एक बदमाश की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, कुल 3 राउंड गोलियां चली हैं। पुलिस इस मामले की आपसी रंजिश और गैंगवार एंगल से जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाल कर बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस ने बताया, "26 मई 2026 की देर शाम, पुलिस स्टेशन खजूरी खास में गोलीबारी की घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि घायल राजा मेवती उर्फ अक्की उर्फ आकिब (23 वर्ष) को पीसीआर वैन द्वारा जेपीसी अस्पताल ले जाया जा चुका था। अस्पताल पहुंचने पर, चिकित्सक ने पीड़ित को मृत घोषित कर दिया। पुलिस स्टेशन खजूरी खास में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। अपराध में शामिल आरोपियों को पकड़ने और गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें तैनात की गई हैं। मामले की जांच जारी है।"
दिल्ली के अमर कॉलोनी में एक छात्र पर भी फायरिंग
एक खबर ये भी है कि दिल्ली के अमर कॉलोनी में एक छात्र को गोली मार दी गई। छात्र अपनी महिला मित्र के साथ अमर कॉलोनी के एक फूड प्वाइंट पर खाना खा रहा था। इसी दौरान 3 लोग आए और उस पर गोली चला दी। गोली, छात्र के ब्रेन में फंस गई। मिली जानकारी के मुताबिक, छात्र नाबालिग है और दिल्ली के एक नामी स्कूल में पढ़ता है।
दिल्ली में आए दिन फायरिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में पुलिस को सख्त एक्शन लेने की जरूरत है, जिससे बदमाशों के बुलंद हौसलों को पस्त किया जा सके।
