दिल्ली के साकेत इलाके में भरभराकर गिरी 5 मंजिला इमारत, कई लोगों के दबे होने की आशंका
Edited by : Pratik Sahu
दिल्ली के साकेत इलाके में 5 मंजिला इमारत गिर गई है, जिसमें कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। मौके पर रेस्क्यू टीम पहुंची और मलबे से कुछ लोगों को निकाला।
पांच मंजिला इमारत में कई ऑफिस थे
दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक 5 मंजिला इमारत जिसमें कई तरह के ऑफिस चल रहे थे, शनिवार होने के कारण काफी ऑफिस बंद भी थे, एक दो ऑफिस जो चल रहे थे, वह शाम 6:00 बजे तक बंद हो गए थे। 500 गज एरिया में ये पूरी बिल्डिंग बनी हुई थी। लेकिन 5 मंजिला कॉमर्शियल बिल्डिंग जब गिरी तो उसका मलबा आसपास की इमारत में गिरा। बताया गया कि पास की इमारत में चल रही कैंटीन में मलबा गिरा जिसमें कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। दिल्ली पुलिस दिल्ली फायर सर्विस अब एनडीआरफ मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन कर जेसीबी के जरिए मलबा को हटाया गया।
चार-पांच लोगों को मलबे से निकाला गया
बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के ऊपरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था, जिसकी वजह से बिल्डिंग गिरने की आशंका है। अग्निशमन विभाग के अधिकारी ने बताया, "हमने घटनास्थल पर चार दमकल गाड़ियां भेजी हैं और आगे की जानकारी का इंतजार है।" अब तक मलबे से 4 से 5 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इन घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल राहत और बचाव दल मलबे में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं, क्योंकि अभी भी कुछ लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है।
