ग्रेटर नोएडा में चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, ड्यूटी पर जा रहे युवक को बदमाशों ने मारी 6 गोली; मौत
Edited by : Pratik Sahu
ग्रेटर नोएडा के इकोटेक थर्ड थाना क्षेत्र के वैदपुरा गांव में बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। युवक पर बदमाशों ने छह गोलियां दागीं। ये घटना तब हुई जब युवक ड्यूटी पर जा रहा था।
ड्यूटी पर जाते समय मारी गई गोली
जानकारी के अनुसार, वैदपुरा गांव में दीपक नागर (पुत्र अशोक नागर) बुधवार को अपने घर से रोजाना की तरह ड्यूटी के लिए निकला था। वह कुछ ही दूर पहुंचा था कि तभी मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर लिया। इससे पहले कि दीपक कुछ समझ पाता, बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
घायल दीपक को गंभीर हालत में तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन घाव गहरे होने के कारण इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दीपक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वैदपुरा गांव में सन्नाटा पसर गया है।
डीसीपी ने बनाई दो टीमें
वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के आला अधिकारी के अलावा फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने क्राइम सीन का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बारे में बताते हुए डीसीपी ने दो विशेष टीमों का गठन किया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही घटना का सफल अनावरण करते हुए गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। सभी संभावित बिंदुओं पर गहनता से जांच जारी है।
