बंगाल में BJP के पहले CM बने शुभेंदु अधिकारी, 5 मंत्रियों ने भी ली शपथ; PM मोदी समेत कई दिग्गज नेता रहे मौजूद
Edited by : Pratik Sahu
बीजेपी के नेता शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शनिवार को शपथ ली। वह पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बनने वाले बीजेपी के पहले नेता हैं। राज्यपाल आर. एन. रवि ने कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित भव्य समारोह में अधिकारी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शुभेंदु के साथ 5 मंत्रियों ने ली शपथ
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ बीजेपी के 5 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडु और निशीथ प्रमाणिक शामिल हैं। बीजेपी ने मंत्रियों के चुनाव में सामाजिक समीकरणों का बखूबी ध्यान रखा और शुभेंदु की कैबिनेट में अलग-अलग समुदायों को प्रतिनिधित्व दिया है। बता दें कि 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 207 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि 15 वर्षों से सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस को 80 सीटों पर संतोष करना पड़ा था।
शपथ समारोह में शामिल हुए कई दिग्गज
शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर भव्य आयोजन हुआ। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्री, NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और BJP के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
भवानीपुर और नंदीग्राम में बड़ी जीत
शुभेंदु अधिकारी ने इस चुनाव में भवानीपुर और नंदीग्राम, दोनों महत्वपूर्ण सीटों पर जीत हासिल की थी। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, भवानीपुर सीट पर उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15,105 वोटों से हराया। वहीं नंदीग्राम सीट पर भी उन्होंने जीत दर्ज करते हुए कुल 1,27,301 वोट हासिल किए। मतगणना के दौरान भवानीपुर सीट पर शुभेंदु अधिकारी और ममता बनर्जी में कड़ी टक्कर हुई लेकिन अंत में बीजेपी नेता ने बाजी मार ली।
रिकॉर्ड मतदान ने बदली पूरी कहानी
बता दें कि इस चुनाव में पश्चिम बंगाल में रिकॉर्ड मतदान हुआ, जो आजादी के बाद सबसे ज्यादा है। पहले चरण में 93.19 प्रतिशत मतदान हुआ था जबकि दूसरे चरण में 91.66 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दोनों चरणों को मिलाकर कुल मतदान प्रतिशत 92.47 रहा। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, इस भारी मतदान और चुनावी नतीजों ने पश्चिम बंगाल की राजनीति की तस्वीर बदल दी है। लोगों ने लंबे समय तक सत्ता में रही ममता बनर्जी सरकार को हटाने का फैसला किया और बीजेपी ने राज्य में पहली बार स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बना ली।
