पश्चिम बंगाल में BJP की जीत पर गदगद हुआ ये देश, सात समंदर पार से PM मोदी के लिए आई बधाई
Edited by : Pratik Sahu
कमला प्रसाद-बिसेसर ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में BJP की ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। उन्होंने इसे भारतीय लोकतंत्र की बड़ी उपलब्धि बताया। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी प्रतिक्रिया देते हुए भारत-त्रिनिदाद एवं टोबैगो संबंध मजबूत करने की बात कही।
बंगाल में BJP की जीत भारतीय राजनीति का एक अहम पड़ाव'
कमला प्रसाद-बिसेसर ने कहा कि पहली बार BJP ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की है, जो भारतीय राजनीति में एक बड़ा और महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है। उन्होंने अपने संदेश में कहा, 'यह ऐतिहासिक उपलब्धि भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती को दिखाती है। पश्चिम बंगाल जैसे बड़े राज्य में BJP की यह पहली जीत भारतीय राजनीति का एक अहम पड़ाव है।' कमला प्रसाद-बिसेसर ने पश्चिम बंगाल की आबादी का जिक्र करते हुए कहा कि 10 करोड़ से अधिक आबादी वाले इस राज्य में मिला जनादेश बेहद महत्वपूर्ण है।
भारत की जनता का भरोसा लगातार जीत रहे हैं पीएम मोदी'
कमला प्रसाद-बिसेसर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी सराहना की। उन्होंने कहा, 'भारत आज दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र बनकर गर्व के साथ खड़ा है। प्रधानमंत्री मोदी का शांत, अनुशासित और दृढ़ नेतृत्व वैश्विक बदलाव और अवसरों के इस दौर में भारतीय जनता का भरोसा लगातार जीत रहा है।' पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में BJP ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 207 सीटों पर जीत दर्ज की है। पार्टी अब राज्य में सरकार गठन की तैयारी में जुट गई है। इसके साथ ही राज्य में 15 वर्षों से सत्ता में रही ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली TMC सरकार का अंत हो गया है।
'भारत के साथ संबंधों को और मजबूत करने के लिए उत्साहित'
त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री ने अपने बयान में यह भी कहा कि उनका देश भारत के साथ संबंधों को और मजबूत करने के लिए उत्साहित है। उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर के आगामी दौरे का स्वागत करते हुए कहा कि दोनों देश आपसी सहयोग और संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर इस समय 2 से 10 मई तक जमैका, सूरीनाम और त्रिनिदाद एवं टोबैगो की तीन देशों की आधिकारिक यात्रा पर हैं। प्रधानमंत्री के संदेश के बाद जयशंकर ने भी X पर प्रतिक्रिया देते हुए उनका धन्यवाद किया।
कमला प्रसाद-बिसेसर की पोस्ट पर जयशंकर ने दिया जवाब
कमला प्रसाद-बिसेसर की बधाई पर जवाब देते हुए जयशंकर ने लिखा, 'प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर, आपके गर्मजोशी भरे स्वागत संदेश के लिए धन्यवाद। मैं जल्द ही त्रिनिदाद और टोबैगो पहुंचने और आपके साथ मिलकर भारत-त्रिनिदाद एवं टोबैगो संबंधों को और मजबूत करने के लिए उत्साहित हूं।' प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर ने कहा कि भारत और त्रिनिदाद एवं टोबैगो के रिश्ते साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, मजबूत सांस्कृतिक और जनसंपर्क संबंधों तथा विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर आधारित हैं।
