आपके फोन में भी तेज सायरन की आवाज सुनाई दी? घबराएं नहीं, ये बस ट्रायल अलर्ट था, जानें इसका मतलब
Edited by : Pratik Sahu
देशभर में करोड़ों लोगों के मोबाइल फोन पर आज अचानक तेज सायरन जैसी आवाज सुनाई देने लगी, लेकिन इससे घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह किसी आपदा का संकेत नहीं, बल्कि सरकार द्वारा किए जा रहे एक टेस्ट का हिस्सा है। जानें इसके बारे में...
देशभर में आज यानी दो मई को करोड़ों लोगों के मोबाइल फोन पर अचानक तेज सायरन जैसी आवाज सुनाई देने लगी, जिससे सभी घबरा गए। अगर आपके भी मोबाइल फोन पर सायरन बजा हो तो घबराने की जरूरत नहीं है। क्योंकि यह किसी आपदा का संकेत नहीं, बल्कि सरकार द्वारा किए जा रहे एक टेस्ट का हिस्सा है। दरअसल, भारत सरकार का Department of Telecommunications (DoT) और National Disaster Management Authority (NDMA) ने साथ मिलकर एक नए मोबाइल आधारित आपदा चेतावनी सिस्टम का परीक्षण किया है। इस सिस्टम का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति जैसे भूकंप, बाढ़ या चक्रवात के समय लोगों को तुरंत अलर्ट करना है। इस सिस्टम को SACHET (नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल) नाम दिया गया है। इससे पहले भी इसे दिल्ली-एनसीआर और अन्य बड़े शहरों में टेस्ट किया जा चुका है।
मैसेज में क्या लिखा है
मोबाइल पर आए मैसेज में लिखा है, भारत ने स्वदेशी तकनीक का उपयोग करते हुए सेल ब्रॉडकास्ट सेवा शुरू की है, जिससे नागरिकों को आपदा की तत्काल सूचना मिल सकेगी। सतर्क नागरिक, सुरक्षित राष्ट्र। इस संदेश को प्राप्त करने पर जनता को कोई कार्रवाई करने की आवश्यकता नहीं है। यह एक परीक्षण संदेश है-भारत सरकार

