'कुछ घंटों में दुनिया को मिलेगी अच्छी खबर', ईरान युद्ध पर मार्को रुबियो का दिल्ली में बड़ा बयान
Edited by : Pratik Sahu
ईरान युद्ध के बीच मार्को रुबियो की भारत यात्रा में कई बड़े संकेत बाहर निकल कर आएं हैं। रुबियो ने साफ कहा कि अगले कुछ घंटों में अच्छी खबर मिलने वाली है। भारत और अमेरिकी विदेश मंत्री ने आज साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की।
ईरानी परमाणु हथियार से डरने की जरूरत नहीं
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रुबियो ने कहा, 'इस बात की संभावना है कि अगले कुछ घंटों में दुनिया को कुछ अच्छी खबर मिलेगी।' उन्होंने आगे कहा कि चल रहे प्रयास ऐसी स्थिति की ओर बढ़ने में मदद कर सकते हैं, जहां देशों को अब ईरानी परमाणु हथियार से डरने की जरूरत नहीं होगी।
राजनयिक सहयोग से कहीं अधिक गहरे संबंध
रुबियो ने भारत को अमेरिका के सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदारों में से एक बताया। साथ ही इस बात पर जोर दिया कि यह संबंध सामान्य राजनयिक सहयोग से कहीं अधिक गहरा है। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्रों के बीच साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और समान रणनीतिक हितों पर आधारित है।
दोनों देशों के हित एक समान
रुबियो ने कहा, 'रणनीतिक साझेदारी तब होती है, जब दो देशों के हित एक समान होते हैं और आप समस्याओं को हल करने के लिए रणनीतिक रूप से मिलकर काम करते हैं।'
इन मुद्दों पर भी हुई बातचीत
बता दें कि भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर और रुबियो के बीच व्यापार, दुर्लभ खनिज, ऊर्जा और रक्षा सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। अमेरिकी विदेश मंत्री की यह पहली भारत यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब पिछले एक साल में व्यापार और शुल्क नीतियों को लेकर दोनों देशों के संबंधों में तनाव देखा गया था।
