कर्नाटक कांग्रेस में हलचल तेज, दिल्ली तलब किए गए सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार, कल आलाकमान की बैठक
Edited by : Pratik Sahu
कांग्रेस आलाकमान ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री दोनों को दिल्ली बुलाया है। इस पर डीके शिवकुमार ने कहा कि अगर मुझे बुलाया गया, तो मैं भी जाऊंगा।
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस आलाकमान ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री दोनों को दिल्ली बुलाया है। सुबह 11 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन के घर मुलाकात होगी। अभी यह साफ नहीं है कि दोनों की बैठक एक साथ होगी या अलग-अलग। यह मुलाकात कल होगी।
कैबिनेट फेरबदल या लीडरशिप परिवर्तन?
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया राज्य में कैबिनेट फेरबदल की मांग कर रहे हैं, जबकि उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार चाहते हैं कि उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जाए। बताया जा रहा है कि डीके शिवकुमार कैबिनेट फेरबदल के पक्ष में नहीं है। कल की बैठक में फेरबदल या लीडरशिप परिवर्तन से जुड़ा फैसला लिया जा सकता है।
इसके अलावा, कर्नाटक से खाली हो रही तीन राज्यसभा सीटों पर भी कल की बैठक में चर्चा होगी। एक सीट पर कांग्रेस अध्यक्ष और एक पर किसी लिंगायत चेहरे को उतारने पर पार्टी विचार कर रही है। तीसरी सीट को लेकर नाम पर चर्चा जारी है, जिसमें एक नाम उपमुख्यमत्री के भाई के. सुरेश का भी चल रहा है।
सिद्धारमैया और शिवकुमार का आया बयान
इस बीच, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बयान देते हुए कहा, "मुझे दिल्ली बुलाया गया है। कल 11 बजे मैं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मिल रहा हूं। कल रात मुझे वेणुगोपाल ने फोन पर सूचना दी और डेट-टाइम बताया। मीटिंग का विषय क्या है, इसकी मुझे जानकारी नहीं है, अटकलें तो हमेशा लगती हैं।"
वहीं, डीके शिवकुमार ने कहा, "मुझे पता नहीं सुरजेवाला ने आपसे क्या कहा है, मुझे तो कुछ बोला नहीं। अगर मुझे बुलाया गया, तो मैं भी जाऊंगा, नहीं तो यहीं पर ही रहूंगा। मुख्यमंत्री के चेंज के मसले पर मुझे कुछ नहीं मालूम है। मैं इस पर कोई कमेंट नहीं देना चाहता हूं।"
