रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया राजस्व अधिकारी, अपने अफसर के लिए भी मांगी थी घूस
Edited by : Pratik Sahu
ठाणे में ACB ने अंबरनाथ क्षेत्र के राजस्व अधिकारी ईश्वर जाधव को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। वह जमीन रिकॉर्ड में उत्तराधिकार प्रविष्टि बदलने के लिए रिश्वत मांग रहा था। शिकायतकर्ता की सूचना पर जाल बिछाकर कार्रवाई की गई। आरोपी पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज हुआ है।
किस काम के लिए मांगी थी रिश्वत?
ठाणे एसीबी के DSP अनिल जयकर के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने अपने पिता के निधन के बाद जमीन के रिकॉर्ड में उत्तराधिकार से संबंधित प्रविष्टियों को सुधारने के लिए राजस्व विभाग से संपर्क किया था। शिकायतकर्ता चाहता था कि पहले की गई उत्तराधिकार संबंधी म्यूटेशन प्रविष्टियों को निरस्त किया जाए और नई प्रविष्टियां दर्ज की जाएं, ताकि उसकी सौतेली बहन का नाम भी कानूनी उत्तराधिकारी के रूप में जमीन के रिकॉर्ड में शामिल किया जा सके। ACB की जांच में सामने आया कि राजस्व अधिकारी ईश्वर जाधव ने इस काम को पूरा करने के लिए 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
ACB ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा
आरोप है कि इसमें से 10 हजार रुपये वह अपने लिए और 10 हजार रुपये सर्कल अधिकारी के लिए मांग रहा था। रिश्वत देने की बजाय शिकायतकर्ता ने ठाणे एसीबी कार्यालय में संपर्क कर पूरी जानकारी दी और औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और शुक्रवार को आरोपी अधिकारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार करते समय रंगे हाथ पकड़ लिया। एसीबी ने आरोपी राजस्व अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
