गोरखपुर: शादी के दिन LLB का पेपर देने गई दुल्हन का एक्सीडेंट, पंडित को लेकर अस्पताल पहुंचा दूल्हा, ICU में ही भर दी मांग
Edited by : Pratik Sahu
गोरखपुर में अद्भुत प्यार और अटूट वादे की एक मिसाल देखने को मिली। शादी के दिन एक्सीडेंट में घायल हुई दुल्हन को दूल्हे ने अकेला नहीं छोड़ा बल्कि उसी दिन पंडित को साथ लेकर अस्पताल पहुंच गया। वहां ICU में भर्ती दुल्हन की मांग में सिंदूर भर कर उसे हमेशा के लिए अपना बना लिया।
क्यों करनी पड़ी अस्पताल में शादी?
गोरखपुर के बांसगांव के हटवार गांव निवासी पूजा यादव की शादी महादेवा बाजार के महुआ निवासी सन्नी यादव से नवंबर 2025 में तय हुई थी और मुहूर्त 13 मई 2026 का निकला था। इसी दिन पूजा का LLB अंतिम सेमेस्टर का पेपर था। सुबह वह अपने भाई के साथ खलीलाबाद स्थित कॉलेज में परीक्षा देने गई थी। घर में शादी की तैयारियां चल रहीं थीं। परीक्षा खत्म होने के बाद दोपहर करीब 12 बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे तभी रास्ते में अचानक पूजा को चक्कर आ गया और वह चलती बाइक से नीचे सड़क पर गिर पड़ी। उसके सिर में गंभीर चोट लग गई और खून बहने लगा। भाई ने फोन कर घरवालों को सूचना दी और बहन को लेकर अस्पताल पहुंचा।
गोरखपुर के दाउदपुर स्थित आर्यन हॉस्पिटल में डॉक्टर्स ने उसका चेकअप किया। सिर में लगी गंभीर चोट और बेहोशी की हालत की वजह से तुरंत ही उसे ICU में शिफ्ट कर दिया गया। इस बीच घरवाले अस्पताल पहुंच गए और महिलाओं में चीख-पुकार मच गई।
पंडित और रिश्तेदारों को साथ लेकर अस्पताल पहुंचा दूल्हा
इस बीच शाम को सन्नी यादव बारात लेकर दुल्हन के गांव हटवार पहुंचे। यहां द्वारपूजा और अन्य रस्में पूरी कीं फिर रात करीब 1 बजे सन्नी अपने कुछ करीबी रिश्तेदारों के साथ अस्पताल पहुंचा। उसके साथ में पंडित भी थे। यहां उसने ICU में भर्ती पूजा की मांग में सिंदूर भरा। इसके बाद गांव लौटकर वहां शादी की बाकी रस्में पूरी कीं।
दुल्हन के भाई ने क्या कहा?
दुल्हन के भाई सर्वेश यादव ने बताया कि पूजा एलएलबी का एग्जाम देने गई थी। तभी बाइक से आते समय रास्ते में चक्कर खाकर गिर गई और आज के समय ऐसे हालात में कोई शादी नहीं करना चाहता है। लेकिन मेरी बहन की उसी दिन शादी थी। दुल्हा और उनके परिवार का एहसान है कि इन परिस्थितियों में आकर उन्होंने बहन की मांग भरी।

