4399वां दिन और PM मोदी ने रच दिया इतिहास, नेहरू का दशकों पुराना रिकॉर्ड हुआ पीछे
Edited by : Pratik Sahu
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 जून 2026 को लगातार सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने 4399 दिनों के कार्यकाल के साथ जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
नई दिल्ली: भारतीय राजनीति के इतिहास में 10 जून 2026 का दिन एक महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में दर्ज होने जा रहा है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले भारत के निर्वाचित पीएम बन गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। पीएम मोदी के नाम लगातार 4,399 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का रिकॉर्ड दर्ज हुआ है। इससे पहले यह रिकॉर्ड नेहरू के नाम था, जिन्होंने देश के पहले आम चुनाव के बाद मई 1952 से 27 मई 1964 तक लगातार 4,398 दिनों तक निर्वाचित पीएम के रूप में कार्य किया था।
नेहरू और मोदी के कार्यकाल की तुलना
भारत को आजादी मिलने के बाद 1947 से 1952 तक जवाहरलाल नेहरू अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में प्रधानमंत्री रहे थे। हालांकि देश में पहला आम चुनाव 1951-52 में हुआ था। इसलिए निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल की गणना मई 1952 से की जाती है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी का यह रिकॉर्ड इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि यह लगातार और निर्वाचित कार्यकाल का रिकॉर्ड है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का कुल कार्यकाल लगभग 14 वर्ष रहा था, लेकिन वह लगातार नहीं था।
मोदी सरकार के 12 वर्ष भी हुए पूरे
बता दें कि इसी के साथ केंद्र में मोदी सरकार के 12 वर्ष भी पूरे हो गए हैं। इस अवसर पर NDA की महत्वपूर्ण बैठक दिल्ली में आयोजित की जाएगी। बैठक में प्रधानमंत्री मोदी, बीजेपी के वरिष्ठ नेता और एनडीए के सहयोगी दलों के प्रमुख शामिल होंगे। दोपहर 3 बजे भारत मंडपम में होने वाली इस बैठक में गठबंधन की भविष्य की रणनीति और विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा पीएम मोदी NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों के साथ भी बैठक करेंगे। बाद में वह सभी मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों के लिए डिनर का आयोजन करेंगे।
साधारण परिवार से देश के सर्वोच्च पद तक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजनीतिक सफर भारतीय राजनीति की सबसे चर्चित यात्राओं में गिना जाता है। उनका जन्म एक साधारण परिवार में हुआ। उनके पिता रेलवे स्टेशन पर चाय बेचते थे और परिवार आर्थिक रूप से सीमित संसाधनों में जीवन व्यतीत करता था। राजनीति में आने से पहले मोदी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में लंबे समय तक काम किया। उन्होंने विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों में संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाईं और बाद में भारतीय जनता पार्टी में महत्वपूर्ण भूमिकाएं संभालीं।
13 साल मुख्यमंत्री, फिर बने प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री बने और लगभग 13 वर्षों तक इस पद पर रहे। इसके बाद 2014 में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में लोकसभा चुनाव जीतकर पहली बार प्रधानमंत्री बने। 2019 और 2024 में भी उन्होंने लगातार चुनावी जीत हासिल की और प्रधानमंत्री पद पर बने रहे। मोदी सरकार के 12 वर्षों के दौरान कई बड़े राजनीतिक और नीतिगत फैसले लिए गए। इनमें जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाना, डिजिटल भुगतान व्यवस्था का विस्तार, बुनियादी ढांचे का विकास और आत्मनिर्भर भारत अभियान आदि प्रमुख रहे हैं।


