अन्नामलाई का BJP से मोहभंग! नई पार्टी का कर सकते हैं ऐलान, नितिन नबीन से मुलाकात के लिए मांगा समय
Edited by : Pratik Sahu
तमिलनाडु चुनाव में अन्नामलाई को साइड लाइन किए जाने के बाद उनके बीजेपी से मोहभंग की अटकलें तेज हो गई हैं। इस बीच अन्नामलाई ने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात का समय मांगा है। यह भी माना जा रहा है कि अन्नामलाई नई पार्टी का ऐलान कर सकते हैं।
नई पार्टी बनाने की अटकलें
वहीं पिछले 5 दिनों से सोशल मीडिया पर इस तरह की तमाम खबरें चल रही हैं। वहीं सोशल मीडिया पर बहुत ही सक्रिय रहने वाले अन्नामलाई ने इन अटकलों को अभी तक एक बार भी नकारा नहीं है, इसीलिए ये शक अब और भी गहराता जा रहा है। एक प्रादेशिक अखबार में छपी खबरों के मुताबिक, अन्नामलाई मक्कल शक्ति इय्यक्कम नाम से अपनी ही पार्टी जल्द शुरू कर सकते हैं।
BJP-AIADMK गठबंधन से थे नाराज
बता दें कि साल 2021 से 2025 तक तमिलनाडु BJP प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए अन्नामलाई ने बहुत सुर्खियां बटोरीं। उन्होंने BJP को तमिलनाडु में स्थापित करने में भी अहम भूमिका निभाई। हालांकि तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में BJP के AIADMK के साथ चुनावी गठबंधन के फैसले से भी वे खुश नहीं थे। उनके समर्थक कहते हैं कि पूरे चुनाव में पार्टी ने उन्हें एक तरह से साइड लाइन कर दिया, जिसके चलते वे भी काफी हर्ट हो गए थे। हालांकि नितिन नबीन से मुलाकात में क्या होता है यह देखने वाली बात होगी। हाल ही में तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव हुए थे, जिसमें बीजेपी ने अन्नामलाई को साइड लाइन कर दिया था। यहां जोसेफ विजय की टीवीके ने सरकार बना ली है।
