'लॉरेंस बिश्नोई गैंग के भीतर कोई मतभेद नहीं', बदमाश ने अफवाह को बताया गलत; कनाडा में फायरिंग की जिम्मेदारी ली

 Edited by : Pratik Sahu 


लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करते हुए एक बदमाश ने सोशल मीडिया पर दावा किया गैंग में कोई विवाद नहीं है और गैंग में मतभेद की बात जो फैलाई जा रही है, वह गलत है।


नई दिल्लीः कनाडा के ब्रैम्पटन स्थित महल स्वीट्स पर हुई फायरिंग को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। पोस्ट में खुद को लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप से जुड़ा बताते हुए एक व्यक्ति ने फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में कहा गया है कि फायरिंग की जिम्मेदारी आरजू बिश्नोई, टायसन बिश्नोई और शुभम लोंकर लेते हैं। पोस्ट में यह भी दावा किया गया है कि गैंग के भीतर किसी तरह का मतभेद नहीं है और जो लोग उनके अलग होने की अफवाह फैला रहे हैं, वे गलत हैं। मैसेज में कहा गया है कि सभी सदस्य एकजुट हैं और साथ मिलकर लड़ाई लड़ेंगे।

एक व्यक्ति को जान से मारने की धमकी भी दी

इसके साथ ही एक व्यक्ति को धमकी देते हुए कहा गया है कि पहले भी उसे कॉल की गई थी, लेकिन उसने बात को गंभीरता से नहीं लिया। पोस्ट में आगे जान से मारने की धमकी देते हुए कहा गया है कि अगली बार कॉल को नजरअंदाज किया गया तो उसके मॉल में घुसकर गोली मार दी जाएगी। फिलहाल इस पोस्ट की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।

दिल्ली में जिम पर फायरिंग

वहीं, दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में गुरुवार को एक जिम पर मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात लोगों ने गोलीबारी की। दावा किया गया कि यह फायरिंग लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बदमाशों ने की। दिल्ली पुलिस के अनुसार, घटना की जानकारी गुरुवार तड़के एक पीसीआर कॉल के जरिए मिली। शुरुआती जांच से पता चला है कि दो हमलावर मोटरसाइकिल पर आए और जिम पर कई राउंड गोलियां चलाने के बाद मौके से फरार हो गए। 

हमलावरों ने कपड़े से अपना चेहरा ढककर अपनी पहचान छिपाई थी, जिससे उनकी तुरंत पहचान करना मुश्किल हो गया। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी के बावजूद किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और स्थानीय पुलिस जिले तथा विशेष इकाइयों की कई टीमों को इसमें शामिल लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने का काम सौंपा गया है।

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

US: Another Afghan national arrested in Texas over TikTok 'bomb-making' video

यूपी में फिर चली 'तबादला एक्सप्रेस'! योगी सरकार ने किया 20 IAS अफसरों का ट्रांसफर

राज्यसभा चुनाव के लिए मध्य प्रदेश और कर्नाटक से बीजेपी उम्मीदवारों का ऐलान, विधान परिषद के लिए भी दो नाम दिए