CM पद गया, लेकिन कांग्रेस ने सिद्धारमैया को दे दिया ये बड़ा गिफ्ट, नोटिफिकेशन हुआ जारी
Edited by : Pratik Sahu
सिद्धारमैया कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे चुके हैं। वहीं, डीके शिवकुमार बुधवार को सीएम पद की शपथ लेने जा रहे हैं। सिद्धारमैया के पास से सीएम पद चला गया है लेकिन अब कांग्रेस ने उन्हें बड़ा गिफ्ट दिया है।
सिद्धारमैया को क्या जिम्मेदारी मिली?
कर्नाटक के मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देने के बाद सिद्धारमैया को कांग्रेस पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को कांग्रेस कार्यकारी समिति का सदस्य नियुक्त किया है। कांग्रेस पार्टी की ओर से इस फैसले को लेकर नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है।
डीके शिवकुमार का शपथ ग्रहण
डीके शिवकुमार बुधवार को कर्नाटक के सीएम पद की शपथ लेंगे। डीके शिवकुमार के साथ कल 13 विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। सिद्धरामैया के बेटे यतींद्र सिद्धारमैया नई कैबिनेट में मंत्री बन सकते हैं। इसके साथ ही प्रियांक खरगे, केजे जॉर्ज, जी.परमेश्वर, रामलिंग रेड्डी भी कल मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।
कितने मंत्री बन सकते हैं?
कांग्रेस आलाकमान के साथ बैठक के बाद डीके शिवकुमार और सिद्धरमैया मंगलवार की रात बेंगलुरु के लिए रवाना हो गए हैं। जानकरी के अनुसार, शिवकुमार तीन जून को शाम 4 बजकर 5 मिनट पर लोक भवन परिसर में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। कर्नाटक के विधानसभा की स्ट्रेंथ के हिसाब से राज्य में कुल 32 मंत्री बनाए जा सकते हैं। जानकारी के अनुसार, फिलहाल कुछ ही मंत्री शपथ लेंगे, बाकी कैबिनेट विस्तार बाद में होगा। वहीं, के एच मुनियप्पा और एच के पाटिल में से किसी एक नेता को स्पीकर बनाया जा सकता है।
