ममता बनर्जी के खिलाफ नई FIR, अमित शाह पर लगाया था गंभीर आरोप; बांग्लादेश तक मचा हंगामा
Edited by : Pratik Sahu
ममता बनर्जी के खिलाफ नई एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला सिलीगुड़ी साइबर क्राइम थाने में एक वकील की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। ममता ने बांग्लादेश में हुई उस्मान हादी की हत्या मामले में गृह मंत्रालय पर सवाल उठाया।
उनके मुताबिक, ममता बनर्जी ने बांग्लादेश में हुई उस्मान हादी की हत्या को लेकर देश के गृह मंत्रालय के खिलाफ भड़काऊ कमेंट किए थे। उन्होंने दोनों देशों के बीच टकराव की स्थिति पैदा कर दी।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, यह विवाद 2 जून 2026 को कोलकाता के धर्मतला में टीएमसी के एक धरना प्रदर्शन के दौरान शुरू हुआ। पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने अपने भाषण में दावा किया कि उन्हें बांग्लादेश में हुई एक बड़ी हत्या के पीछे की पूरी साजिश और लोगों के नामों की जानकारी है, लेकिन वह उनका खुलासा नहीं करेंगी क्योंकि इससे पड़ोसी देश में खलबली मच सकती है। उनका इशारा स्पष्ट रूप से बांग्लादेशी छात्र नेता उस्मान बिन हादी की हत्या की ओर था।
उन्होंने उस्मान हादी की हत्या का जिक्र करते हुए कुछ ऐसी टिप्पणियां की थीं, जिनमें केंद्रीय गृह मंत्रालय और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भूमिका की ओर इशारा किया गया था।
ममता बनर्जी ने क्या कहा था?
शिकायतकर्ता के मुताबिक ममता बनर्जी ने कहा था, ''STF ने बांग्लादेश से एक बड़े हत्यारे को गिरफ्तार किया था। इसे लेकर बांग्लादेश में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन हुआ था। मैं दूसरे देशों की बात नहीं कर रही, मेरा पॉइंट यह है कि वे लोग मेघालय के रास्ते बंगाल में आए। यहां आने के बाद हमारी एसटीएफ ने उन्हें पकड़ा। गृह मंत्री खुद कह रहे हैं। मैंने इतने दिन तक कुछ नहीं कहा लेकिन आज अत्याचार अपनी चरम सीमा पार कर गया है, इसलिए बोल रही हूं। मेरा हृदय सत्य का भंडार है।''
बता दें कि उस्मान हादी की हत्या पिछले साल दिसंबर में बांग्लादेश में हुई थी। हत्या के आरोपित बाद में मेघालय सीमा पार कर बंगाल पहुंचे थे, जहां राज्य की एसटीएफ ने उन्हें गिरफ्तार किया था।
