सामने आई INDIA गठबंधन की फूट! लेफ्ट ने पूछा- राहुल गांधी संसद में PM मोदी को गले लगा सकते हैं लेकिन पिनाराई विजयन को क्यों नहीं?
Edited by : Pratik Sahu
विपक्ष के INDIA गठबंधन में फिर से दरार नजर आई है। ऐसा इसलिए क्योंकि CPI(M) के जनरल सेक्रेटरी एमए बेबी ने बताया है कि हाल में हुई INDIA Bloc की बैठक में लेफ्ट ने कांग्रेस से अपने ही साथी दलों को घेरने को लेकर सवाल पूछे थे।
राहुल गांधी ने क्यों की पिनाराई को अरेस्ट करने की मांग?
CPI(M) के जनरल सेक्रेटरी MA बेबी ने कहा, 'CPI(M) ने INDIA गठबंधन की मीटिंग में कुछ मुद्दे उठाए हैं। केरल में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य महत्वपूर्ण राष्ट्रीय स्तर के नेताओं ने बार-बार CPI(M) और LDF पर BJP के साथ सीक्रेट समझौता करने का आरोप लगाया। उन सभी ने यह भी कहा कि केरल के तत्कालीन मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन को अभी तक अरेस्ट क्यों नहीं किया गया।'
हमने INDIA गठबंधन के घटक दल के तौर पर काम किया लेकिन लड़ाई तो हमेशा RSS और BJP के खिलाफ थी। राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा कि सियासी मतभेदों की वजह से वह पिनाराई विजयन को गले नहीं लगा सकते। लेकिन सबके सामने, पार्लियामेंट में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गले लगाया था: एमए बेबी
INDIA गठबंधन के दलों को आत्ममंथन की जरूरत
MA बेबी ने सवाल उठाया कि एक ही INDIA गठबंधन का सदस्य होते हुए, राहुल गांधी, पिनाराई विजयन को अरेस्ट करने की मांग कैसे कर सकते हैं? मुझे लगता है कि INDIA अलायंस के हर घटक दल को आत्ममंथन और आत्म-आलोचना करने की जरूरत है ताकि INDIA गठबंधन को और मजबूत बनाया जा सके। गौरतलब है कि INDIA अलायंस की बैठक हाल में बीते 8 जून को नई दिल्ली में आयोजित की गई थी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की लीडरशिप में हुई इस मीटिंग में 25 विपक्षी पार्टियों के लगभग 50 नेता शामिल हुए थे।
