गाड़ी चलाते समय फोन पर देख रहे थे IPL का फाइनल, तभी कुएं में जा गिरी थार, 1 की मौत, 2 गंभीर रूप से घायल-VIDEO
Edited by : Pratik Sahu
पुलिस की टीम ने कुएं में गिरी थार कार को बाहर निकाला। साथ ही उसके अंदर से शव को बरामद किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
तीन युवक थार चलाते समय फोन पर देख रहे थे IPL
तेलंगाना के जगतियाल ग्रामीण मंडल के मोरापेल्ली में एक भयानक दुर्घटना हुई। जहां निवेश, अश्विन और अरुण नाम के तीन युवक एक 'थार' गाड़ी में सफर कर रहे थे। साथ ही अपने मोबाइल फोन पर IPL का फाइनल मैच देख रहे थे।
कुएं में जा गिरी थार कार
इसी दौरान, गाड़ी चला रहा युवक सड़क पर देखना ही भूल गया। नतीजतन रात के अंधेरे में गाड़ी अपना रास्ता भटक गई और पास के ही एक कुएं में जा गिरी। घटना स्थल पर चीख पुकार मच गई।
थार चलाने वाली की मौत, 2 घायल
जगतियाल का रहने वाला अरुण, जो गाड़ी चला रहा था। वह कुएं में डूब गया और उसकी मौत हो गई। निवेश और अश्विन घायल हो गए। उनका अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
क्रेन की मदद से कुएं से निकाली गई थार
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। अरुण के शव और गाड़ी को बाहर निकालने के लिए दो घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। क्रेन की मदद से कुएं में गिरी थार को बाहर निकाला गया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ये भी पता लगा रही है कि कार चलाते समय युवक कहीं शराब के नशे में तो नहीं थे।
कल IPL फाइनल में RCB ने जीता मैच
बता दें कि अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटन्स के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया था। जहां विराट कोहली (नाबाद 75 रन) के अर्धशतक से आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटन्स को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरा खिताब अपने नाम किया। आरसीबी के गेंदबाजों ने गुजरात टाइटन्स को 8 विकेट पर 155 रन ही बनाने दिए। फिर टीम ने कोहली की बदौलत यह लक्ष्य 18 ओवर में पांच विकेट पर 161 रन बनाकर हासिल कर लिया।
