आंधी-तूफान और बारिश, दिल्ली-NCR समेत देश के इन हिस्सों में बरसेंगे बादल, भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग की गुड न्यूज
Edited by : Pratik Sahu
बारिश के चलते लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान जताया है। साथ ही ये भी बताया कि मॉनसून का असर किन-किन राज्यों में दिखने लगा है।
गरज के साथ होगी बारिश
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 11 और 12 जून (गुरुवार और शुक्रवार) को दिल्ली-एनसीआर में गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान आंधी-तूफान और 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं का पूर्वानुमान जताया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, इन परिस्थितियों के कारण दिल्ली का 12 जून को अधिकतम तापमान गिरकर लगभग 35-37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में आया बदलाव
पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिल्ली-एनसीआर के मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला है। दिल्ली-एनसीआर के कई क्षेत्रों में मंगलवार को बारिश हुई है। इस दौरान आंधी तूफान भी आया। बुधवार रात को भी गाजियाबाद और नोएडा में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इसके चलते लोगों को भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत मिली है। दिल्ली-एनसीआर में छिटपुट बारिश के कारण तापमान में थोड़ी गिरावट आई है।
जानिए किन-किन राज्यों में पहुंचा मॉनसून
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। कई राज्यों को कवर कर लिया है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब तक जिन क्षेत्रों तक पहुंच गया है, उनकी लिस्ट भी सामने आई है।
- केरल
- गोवा
- तमिलनाडु के अधिकांश हिस्से
- कर्नाटक के बड़े हिस्से
- महाराष्ट्र के कुछ हिस्से
- आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्से
- तेलंगाना के कुछ हिस्से
- पूर्वोत्तर के सभी राज्य (असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, सिक्किम, मिजोरम और त्रिपुरा)
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
आने वाले 5-7 दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर भारत तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 11 और 12 जून 2026 (गुरुवार- शुक्रवार) को उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में बारिश का अनुमान जताया गया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होगी। साथ ही 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलेंगी और ओलावृष्टि होने की भी संभावना है।
