पटना-गया रेल खंड में 25 हजार वोल्ट के हाई-टेंशन तारों को ले उड़े चोर, 3 घंटे ठप रही ट्रेनों की आवाजाही
Edited by : Pratik Sahu

जहानाबाद में पटना-गया रेल खंड में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने 25 हजार वोल्ट का हाई-टेंशन तार चुरा लिया, जिससे रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया। इस चोरी से करीब 3 घंटे तक ट्रेनों का आना जाना ठप रहा। पलामू और हटिया-पटना एक्सप्रेस समेत कई ट्रेन घंटों फंसी रहीं।
रेलवे के हाई वोल्टेज तारों को ले उड़े चोर
टेक्नीशियन की टीम ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वायर को बदला और मरम्मत कार्य पूरा कर परिचालन को दोबारा बहाल कराया। लेकिन इस बीच, डाउन लाइन घंटों बाधित होने की वजह से पलामू एक्सप्रेस और हटिया-पटना एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनें जहां तहां खड़ी रहीं। इससे यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वहीं रेलवे की ओर से जल्दी से जल्दी इसे ठीक करने की कोशिश की गई और कई तकनीशियनों को इस काम में लगाया गया।
फिलहाल पुलिस इस मामले में इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि चोरों के इस गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके। सीनियर टेक्नीशियन ने बताया कि तकरीबन 3:30 बजे के बाद चोरों ने लार्ज स्पिन वायर को काट दिया था, जिसकी सूचना हमें दानापुर रेल मंडल से मिली। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लार्ज स्पिन वायर को ठीक कर परिचालन को सामान्य कराया गया। लेकिन वायर चोरी होने के कारण करीब 3 घंटे तक डाउन लाइन पर ट्रेनों का आना जाना बाधित रहा, जिससे कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं।