गांव में बनी पानी की टंकी में 2 बच्चों को फेंकने के बाद पति-पत्नी ने भी लगाई छलांग, चारों की मौत, चिल्लाते रहे लोग
Edited by : Pratik Sahu

पति-पत्नी ने पहले अपने बच्चों को पानी की टंकी में फेंका। इसके बाद दोनों ने छलांग लगा दी। चारों के शवों को पानी की टंकी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
रविवार रात की है घटना
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 30 वर्षीय जसराज, उनकी 28 वर्षीय पत्नी निरमा, 10 वर्षीय बेटे भरत और 5 वर्षीय बेटी मनीषा के रूप में हुई है। घटना रविवार रात की बताई जा रही है। एक साथ 4 लोगों की मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जसराज के भाई ने छलांग लगाते हुए देखा
थाना प्रभारी देवकिशन के मुताबिक, जसराज के भाई ने उसे पानी की टंकी में छलांग लगाते हुए देखा। उसने तुरंत शोर मचाकर परिवार के अन्य सदस्यों और ग्रामीणों को सूचना दी और लोग चिल्लाते रहे।हालांकि, जब तक परिजन और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक काफी देर हो चुकी थी।
डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित किया
ग्रामीणों ने चारों को पानी की टंकी से बाहर निकाला और तत्काल पास के अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पुलिस को प्रथम दृष्टया यह मामला सामूहिक आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस हत्या, किसी साजिश या घटना से जुड़े अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम ने गांव में स्थित पानी की टंकी का निरीक्षण किया है।
परिजनों और आसपास के लोगों से हो रही पूछताछ
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, परिजनों से शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही, घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। (भाषा के इनपुट के साथ)