'दिल्ली में छात्रों पर चलाई गई पैलेट गन, मैंने AIIMS का मेडिकल सर्टिफिकेट देखा', कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का बड़ा दावा
Edited by : Pratik Sahu

कांग्रेस सांसद राहु गांधी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें संसद में बोलने नहीं दिया गया है। इसलिए प्रेस कॉन्फ्रेंस कर छात्रों पर हुई बर्बरता के मुद्दे पर बोल रहे हैं।
गृह मंत्री अमित शाह हैं जिम्मेदार- राहुल गांधी
प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों पर पैलेट गन चलाई गई। मैनें घायल छात्रों का AIIMS का मेडिकल सर्टिफिकेट देखा है। मुझे संसद में बोलने नहीं दिया गया। बार-बार सदन में टोका गया। छात्रों पर हुए लाठी चार्ज और गोली चलाने के लिए देश के के गृह मंत्री अमित शाह जिम्मेदार हैं।
लोकसभा में बीजेपी ने बोलने नहीं दिया- राहुल गांधी
कांग्रेस सांसद ने एक्स पर लिखा, 'आज संसद में मेरे भाषण के दौरान मैंने दिल्ली में छात्रों पर हुई बर्बरता का मुद्दा उठाया और इसके जिम्मेदार गृह मंत्री अमित शाह का नाम लिया। मुझे BJP ने बोलने नहीं दिया।
आज शाम 6 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करूंगा और वो सब कहूंगा जो सदन में कहने नहीं दिया गया।' इसके साथ ही राहुल गांधी ने कहा, 'माइक बंद कर सकते हैं। छात्रों की गूंज नहीं।'
युवाओं पर हर भारतीय को होना चाहिए गर्व
बता दें कि राहुल गांधी ने हाल ही में हुए NEET-UG 2026 परीक्षा परिणाम लीक विरोध प्रदर्शनों की सराहना करते हुए लोकसभा में आज कहा, 'हमारे युवाओं ने जो किया है, उस पर हर भारतीय को गर्व होना चाहिए।' सार्वजनिक परीक्षा संशोधन विधेयक, 2026 (Public Examinations Amendment Bill) पर बहस में भाग लेते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देशव्यापी विरोध प्रदर्शन छात्रों की अपने भविष्य के बारे में चिंताओं और आकांक्षाओं को दर्शाते हैं।
देश में शिक्षा व्यवस्था बहुत महंगी
राहुल ने शिक्षा व्यवस्था की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि यह महंगी और तेजी से व्यवसायीकरण की ओर अग्रसर हो गई है। विपक्ष के नेता ने कहा, 'शिक्षा व्यवस्था बहुत महंगी है। एक परीक्षा पर उतना पैसा खर्च होता है जितना सरकार पूरे शिक्षा बजट पर खर्च करती है।'