बेंगलुरु में डिलीवरी बॉय जबरदस्ती महिला के घर में घुसा, पहले वॉशरूम इस्तेमाल किया, फिर खुद को किया एक्सपोज
Edited by : Pratik Sahu

बेंगलुरु में एक डिलीवरी बॉय ने महिला के घर में घुसकर वॉशरूम का इस्तेमाल किया और फिर खुद को महिला के सामने एक्सपोज भी कर दिया। इस घटना से महिला सदमे में है।
क्या है पूरा मामला?
महिला ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक पोस्ट में दावा किया कि फ्लिपकार्ट/मिंत्रा का एक डिलीवरी एजेंट पार्सल देने आया था। इस दौरान उसने महिला से वॉशरूम इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी। महिला के अनुसार, उसने कई बार मना किया और उसे पड़ोस के किसी घर में जाने की सलाह दी, लेकिन इसके बावजूद डिलीवरी एजेंट उसकी अनुमति के बिना घर के अंदर घुस गया।
महिला का आरोप है कि वॉशरूम से बाहर आने के बाद डिलीवरी एजेंट ने उसके सामने खुद को एक्सपोज किया। महिला ने कहा कि इस घटना से वह सदमे में हैं और अपने ही घर में असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उसने यह भी दावा किया कि घटना का एक हिस्सा उसके मोबाइल फोन में रिकॉर्ड हुआ है। सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उसने न्याय की मांग की है।
पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया
इस मामले को बेंगलुरु पुलिस ने संज्ञान में लिया है। पुलिस ने महिला से घटना से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी और सबूत साझा करने को कहा है, ताकि आरोपों का सत्यापन कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच आगे बढ़ाने के लिए वे महिला से और जानकारी मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
आरोपी गिरफ्तार
डिलीवरी बॉय द्वारा यौन उत्पीड़न की शिकायत मिलने पर, मारतहल्ली पुलिस स्टेशन में BNS की धाराओं 75, 79, 329 (2) के तहत केस नंबर 345/2026 दर्ज किया गया और आरोपी विजय मल्लिकार्जुन कामथ को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की गई।