फतेहपुर में घरेलू हिंसा का खौफनाक रूप, चारपाई से बांधकर पति को करंट देने वाली पत्नी गिरफ्तार

 Edited by : Pratik Sahu

fatehpur police- India TV Hindi
पति को खटिए ये बांधकर सटाए बिजली के तार


फतेहपुर में घरेलू हिंसा का मामला सामने आया है। पति का आरोप है कि पत्नी ने पति को चारपाई से बांधकर पूरी रात बेरहमी से पीटा और बिजली का करंट भी लगाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया है।


उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से घरेलू हिंसा का एक बेहद हैरान करने वाला और खौफनाक मामला सामने आया है। एक महिला पर अपने ही पति को रस्सी से बांधकर बंधक बनाने, बेरहमी से मारपीट करने और जिंदा बिजली के तारों से करंट देने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत और हालत को देखते हुए पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई की है और आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया है। यह सनसनीखेज घटना फतेहपुर जिले के औंग थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले परसदेपुर गांव की है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह पुलिस की '112 आपातकालीन सेवा' को एक घायल व्यक्ति के संबंध में सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अपनी कस्टडी में लिया। फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिमन्यु मांगलिक ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि घायल व्यक्ति की पहचान संजीव तिवारी के रूप में हुई है।

पति ने पत्नी पर लगाया चारपाई से बांधकर रातभर प्रताड़ित करने का आरोप

पीड़ित संजीव तिवारी ने पुलिस को दिए अपने बयान में आरोप लगाया कि शुक्रवार की रात उसकी पत्नी ने किसी बात पर विवाद के बाद उसे रस्सी से चारपाई पर बांध दिया। इसके बाद पत्नी ने उसके साथ जमकर मारपीट की। हैवानियत की हदें पार करते हुए आरोपी महिला ने जिंदा बिजली के तारों से संजीव को कई जगह करंट भी लगाया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। एसपी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल संजीव तिवारी को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उसका इलाज किया। संजीव की हालत में सुधार होने के बाद पुलिस ने उसका आधिकारिक बयान दर्ज किया है।


संजीव तिवारी के भाई ने दर्ज करवाई लिखित शिकायत

इसके बाद पीड़ित संजीव तिवारी के भाई ने औंग थाने में आरोपी महिला के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। इस लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

US: Another Afghan national arrested in Texas over TikTok 'bomb-making' video

यूपी में फिर चली 'तबादला एक्सप्रेस'! योगी सरकार ने किया 20 IAS अफसरों का ट्रांसफर

राज्यसभा चुनाव के लिए मध्य प्रदेश और कर्नाटक से बीजेपी उम्मीदवारों का ऐलान, विधान परिषद के लिए भी दो नाम दिए