भारी बारिश और लैंडस्लाइड का कहर, मुंबई यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं हुईं कैंसिल; मुंबई-पुणे के बीच सफर पर रोक
Edited by : Pratik Sahu

मुंबई, पुणे समेत महाराष्ट्र के कई इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन से बुरा हाल है। इस बीच, मुंबई यूनिवर्सिटी की ओर से आज से होने वाली सभी परीक्षाएं भी कैंसल हो गई हैं।
महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे और आस-पास के मुंबई महानगर क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बारिश की संभावना की वजह से मुंबई यूनिवर्सिटी की ओर से आज यानी 6 जुलाई होने वाली सभी परीक्षाएं भी कैंसल कर दी गई हैं। नई तारीख की घोषणा जल्द ही की जाएगी। एलएलएम, एमएससी और एम.कॉम की परीक्षा आज होनी थी। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और भूस्खलन के कारण मुंबई और पुणे सहित पूरे इलाके में हालात बेहद गंभीर हो गए हैं।
भूस्खलन और लगातार भारी वर्षा के कारण पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे और पुराना मुंबई-पुणे हाईवे दोनों पर यातायात आवागमन गंभीर रूप से प्रभावित हो गया है। दोनों दिशाओं (पुणे-मुंबई और मुंबई-पुणे) में यातायात को आगे की सूचना तक रोक दिया गया है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे पुणे और मुंबई के बीच कोई भी यात्रा न करें।