भागलपुर में पुलिस थाने के सामने वाली बिल्डिंग में बिल्डर की हत्या, पहले शराब पिलाई फिर निर्वस्त्र कर गला रेत डाला

 Edited by : Pratik Sahu

भागलपुर में बिल्डर की हत्या- India TV Hindi
भागलपुर में बिल्डर की हत्या


बिहार के भागलपुर में एक बिल्डर की गला रेतकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस चौकी के सामने बनी बिल्डिंग में बिल्डर के दफ्तर में ही इस वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश और मामले की चांज कर रही है।


भागलपुर में अपराधियों की हैवानियत की ऐसी तस्वीर आई है, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। तिलका मांझी थाना के ठीक सामने स्थित एक कार्यालय में बिल्डर बजरंग कुमार की बेरहमी से हत्या कर दी गई। जिस तरह से इस हत्या को अंजाम दिया गया है, उससे साफ है कि कातिलों का मकसद सिर्फ हत्या करना नहीं था, बल्कि नफरत, प्रतिशोध और खौफ का ऐसा संदेश देना था, जिसे लंबे समय तक भुलाया नहीं जा सके।

हत्या का तरीका किसी सामान्य आपराधिक वारदात से कहीं अधिक क्रूर और सुनियोजित नजर आता है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात से पहले कार्यालय में शराब पार्टी हुई। मौके से मिले शराब के गिलास इस बात का इशारा करते हैं कि मृतक अपने परिचित लोगों के साथ बैठा था। इसके बाद उसे निर्वस्त्र किया गया और धारदार हथियार से गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया गया। इतना ही नहीं, हाथ की चार उंगलियां काट दी गईं। पुलिस को आशंका है कि यह वार हथियार से बचने के प्रयास में हुआ होगा, हालांकि पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि कहीं उंगलियां जानबूझकर तो नहीं काटी गईं।

पुलिस थाने के सामने बिल्डर की हत्या

घटनास्थल पर संघर्ष के बहुत निशान नहीं मिले हैं। ऑफिस में रखे सामान के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की गई। नीचे खड़ी बाइक भी सुरक्षित मिली। इससे पता चलता है कि अपराधियों का उद्देश्य लूटपाट नहीं, बल्कि केवल बजरंग कुमार की हत्या करना था। सबसे बड़ा सवाल है कि तिलकामांझी थाना के ठीक सामने वाली बिल्डिंग में इस घटना को अंजाम दिया गया और इसकी भनक भी नहीं लगी। 

पुलिस ने 2 संदिग्धों को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव मौके पर पहुंचे और विशेष जांच दल SIT का गठन करते हुए 24 घंटे के भीतर मामले के खुलासे का निर्देश दिया। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने कोतवाली और परबत्ती इलाके से दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि दफ्तर में शराब पीने वाले लोग मृतक के बेहद करीबी रहे होंगे। बिना विश्वास के कोई व्यक्ति थाना के सामने स्थित कार्यालय में इस तरह देर तक नहीं बैठ सकता। अब पुलिस मृतक के करीबी लोगों, व्यक्तिगत संबंधों और हाल के विवादों को ध्यान में रखते हुए आगे की जांच कर रही है। 

हत्याकांड के बाद इलाके में सनसनी

यह हत्याकांड केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती है। अब पूरे शहर की निगाहें पुलिस की जांच पर टिकी हैं कि आखिर बजरंग कुमार की हत्या के पीछे कौन लोग थे। हत्या का वास्तविक कारण क्या था और पुलिस अपराधियों को पकड़ने में कितना वक्त लगाती है।


इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

US: Another Afghan national arrested in Texas over TikTok 'bomb-making' video

यूपी में फिर चली 'तबादला एक्सप्रेस'! योगी सरकार ने किया 20 IAS अफसरों का ट्रांसफर

राज्यसभा चुनाव के लिए मध्य प्रदेश और कर्नाटक से बीजेपी उम्मीदवारों का ऐलान, विधान परिषद के लिए भी दो नाम दिए