दिल्ली-NCR में मौसम ने बदली करवट, झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से दी राहत
Edited by : Pratik Sahu

दिल्ली और NCR में रहने वाले लोगों को मौसम ने राहत दे दी। दिल्ली-NCR के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
तेज हवाओं के कारण गिरे पेड़
अभी बारिश के साथ ही तेज हवाएं भी देखने को मिली और उसी तेज हवा के कारण दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में एक बड़ा सा पेड़ गिर गया जिसके कारण कई गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गई। कुछ जानकारी के मुताबिक पेड़ के कारण 4-5 गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है मगर अभी किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
मौसम विभाग ने क्या बताया था?
दिल्ली और NCR में आज हुई जोरदार बारिश के साथ ही IMD ने 'रेड' और 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग(IMD) के जिला-स्तरीय पूर्वानुमान की मानें तो उत्तरी दिल्ली के कुछ हिस्सों के लिए 'रेड' अलर्ट जारी किया गया था। बता दें कि यहां कई जगहों पर नॉर्मल बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ ही आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना अभी है। वहीं बाकी दिल्ली के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया गया है जहां अधिकतर जगहों पर मध्यम बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चलने की उम्मीद है। आपको बता दें कि मौसम विभाग ने दिन भर आसमान में बादल छाए रहने और मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 7 जुलाई को उत्तर अरब सागर के कुछ और हिस्सों, गुजरात के बाकी इलाकों और राजस्थान तथा हरियाणा के कुछ दूसरे इलाकों में आगे बढ़ गया है। इसी कारण मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।