NDA मंगल मिशन बैठक में पीएम मोदी का NEET पर बड़ा बयान, कहा- 'छात्रों के भविष्य के साथ बुरा नहीं होने देंगे'
Edited by : Pratik Sahu

NEET मामले को पीएम मोदी ने एनडीए की मंगल मिशन बैठक में बयान दिया है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इसकी जानकारी देते हुए कहा, 'बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ बुरा नहीं होने देंगे।'
री-एग्जाम को दी गई प्राथमिकता
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, "NEET परीक्षा के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक की खबरें सामने आते ही सरकार ने तुरंत कार्रवाई की और 13 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। साथ ही, यह सुनिश्चित करने के लिए कि छात्रों का भविष्य प्रभावित न हो, NEET की दोबारा परीक्षा को प्राथमिकता दी गई, इसे सफलतापूर्वक आयोजित किया गया और बिना किसी देरी के नतीजे घोषित कर दिए गए।"
आरोपियों को भेजा गया जेल
किरेन रिजिजू ने आगे बताया, "प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भविष्य में इस तरह के पेपर लीक को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए गए हैं। पेपर लीक रैकेट में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने अपील की कि देश के शीर्ष वकीलों की मदद से उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए, ताकि ऐसे गंभीर अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ मिसाल कायम करने वाली कार्रवाई हो और ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।"
पेपर लीक दलगत राजनीति का मामला नहीं
उन्होंने आगे कहा, "पीएम मोदी ने यह भी कहा कि पेपर लीक सिर्फ एक राज्य का मामला नहीं है। यह सिर्फ केंद्र का मामला नहीं है, हर एक राज्य में जहां-जहां पेपर लीक हो रहा है, जो लोग इस धंधे में लिप्त हैं, उनको सजा देने के लिए सभी को एकजुट होना चाहिए। ये दलगत राजनीति का मामला नहीं है, ये पूरे देश का मामला है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो, इसके लिए सख्ती से कदम उठाए जाएं और सजा दिलाने के लिए मिलकर काम हो, ऐसा निर्देश पीएम मोदी ने दिया है।"
FTA में किसानों के हितों को प्राथमिकता
नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) की संसदीय दल की बैठक 'मंगल मिलन' को लेकर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, "प्रधानमंत्री ने सभी को मार्गदर्शन दिया, यह बैठक बहुत सार्थक रही। प्रधानमंत्री ने कई अहम मुद्दों पर बात की और अपना मार्गदर्शन दिया। उन्होंने हाल के महीनों में देश की कामयाबियों का जिक्र किया और अलग-अलग देशों के साथ हुए FTA (मुक्त व्यापार समझौतों) के बारे में बात की। इन समझौतों को लेकर प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि किसानों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी; उन्होंने जोर देकर कहा कि उन्हें कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी देश के साथ होने वाले FTA में किसानों का कल्याण सबसे अहम होता है, ताकि ये समझौते किसानों और देश, दोनों के ही सर्वोत्तम हितों को पूरा कर सकें।"