राजस्थान निकाय चुनाव से पहले BJP का बड़ा एक्शन, 41 बागी नेताओं-कार्यकर्ताओं को किया निष्कासित
Edited by : Pratik Sahu

राजस्थान में नगर निकाय चुनाव से पहले बीजेपी ने पार्टी के खिलाफ बगावत करने वाले 41 नेताओं और कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की है। बता दें कि राजस्थान में निकाय चुनाव दो चरणों में 9 और 11 सितंबर को होंगे।
6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित
बीजेपी के अनुसार, जिन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है, वे नगर निकाय चुनाव 2026 में बीजेपी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं या निर्दलीय उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। पार्टी ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए ऐसे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निष्कासित किया है।
पार्टी ने अपने बयान में कहा, "कार्रवाई की जद में आए अधिकांश कार्यकर्ता बागी तेवर दिखाते हुए निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। कुछ कार्यकर्ता और पदाधिकारी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरी अपनी पत्नी के समर्थन में काम करते पाए गए हैं।"
पहले चरण में 162 निकायों में मतदान
राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के पहले चरण का मतदान बुधवार यानी 9 सितंबर को होगा। इसके लिए चुनाव आयोग और प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पहले चरण में 162 नगर निकायों में मतदान होगा। इनमें 4 नगर निगम, 27 नगर परिषद और 131 नगरपालिकाएं शामिल हैं। इस चरण में पार्षद के 5,393 पदों के लिए 20,623 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। पहले चरण में कुल 7,683 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 57,52,278 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
जयपुर जिले के 18 निकायों में भी वोटिंग
जयपुर जिले में पहले चरण के तहत 18 नगर निकायों में मतदान होगा। इसके लिए 565 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें मनोहरपुर, फुलेरा, सांभर, किशनगढ़-रेनवाल, शाहपुरा, दूदू, चाकसू, फागी, जोबनेर, खेजरोली, जमवारामगढ़, वाटिका, कानोता, बस्सी, बगरू, कालाडेरा और चौमूं शामिल हैं। पहले चरण में अलवर, भरतपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा नगर निगम में भी मतदान होगा। बता दें कि जयपुर के कुल 150 वार्डों में से बीजेपी ने 8 वार्डों में मुस्लिम कैंडिडेट को चुनाव मैदान में उतारा है।
राजस्थान के सभी 309 नगरीय निकायों के चुनाव दो चरणों में 9 और 11 सितंबर को होंगे। चुनाव के नतीजे 14 सितंबर को घोषित किए जाएंगे।