'भगवान मुरुगन की जय', पीएम मोदी ने दीपथून पर दीप जलाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश का किया स्वागत

 Edited by : Pratik Sahu 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी- India TV Hindi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिल वाक्यांश "वेत्रिवेल मुरुगनुक्कू अरोकारा" पोस्ट किया, जिसका अर्थ है "भगवान मुरुगन की जय"। पीएम मोदी ने इस वाक्यांश को अंग्रेजी और हिंदी भाषा में लिखा।


नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट के उस सख्त निर्देश का स्वागत किया, जिसमें 28 नवंबर को तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित पत्थर के खंभे के ऊपर 'कार्तिगई दीपम' जलाने का आदेश दिया गया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के कुछ घंटों बाद पीएम मोदी ने 'X' पर लिखा, 'भगवान मुरुगन की जय', भगवान मुरुगन की जय', भगवान मुरुगन की जय'। पीएम मोदी ने इस वाक्यांश को तमिल, अंग्रेजी और हिंदी भाषा में लिखा। इससे पहले दिन में सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया कि 28 नवंबर को 'उचि पिल्लयार मंडपम' की लौ का उपयोग करके पहाड़ी पर स्थित खंभे के ऊपर पारंपरिक दीप जलाया जाए।

यह विवाद तब और बढ़ गया जब 24 नवंबर को 'महा कार्तिगई दीपम' उत्सव के दौरान सुप्रीम कोर्ट द्वारा पत्थर के खंभे पर एक बार दीप जलाने की अनुमति दिए जाने के बावजूद केवल पारंपरिक 'उचि पिल्लयार मंडपम' में ही दीप जलाया गया। कोर्ट ने 20 नवंबर को यहां पर दीप जलाने का आदेश दिया था। 

शनिवार को ही दीप जलाने का आदेश

दरअसल, मदुरै प्रशासन ने कार्तिक पूर्णिमा के दिन 24 नवंबर को पहाड़ी पर मौजूद स्तंभ पर दीप जलाने की परमीशन नहीं दी थी। सुप्रीम कोर्ट से इसके लिए माफी मांगी थी लेकिन तमिलनाडु सरकार और मदुरै प्रशासन के खिलाफ कोर्ट की अवमानना की पिटीशन पर सुनवाई के दौरान जस्टिस अरविन्द कुमार और जस्टिस विपुल एम पंचोली की बेंच ने कहा कि प्रशासन घड़ियाली आंसू बहा रहा है। साफ लग रहा है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन अफसरों ने अपने पॉलिटिकल बॉसेज के इशारे पर नहीं किया।

सुप्रीम कोर्ट ने अब शनिवार को ही दीप प्रज्वलन की परंपरा को पूरा करने का आदेश दिया। इससे पहले कोर्ट ने सिर्फ कुछ लोगों की टीम को स्तंभ पर दीप जलाने की परमीशन दी थी लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हर भक्त पहाड़ी पर जा सकेगा। हर कोई दीपत्थून पर दीप जला सकेगा।

मंदिर की सुरक्षा करेगी CRPF

कोर्ट ने मंदिर की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी मदुरै पुलिस से लेकर CRPF के हवाले कर दी। दीप प्रज्वलन की परंपरा को CRPF ही पूरी कराएगी। चूंकि मदुरै के DM ने मंदिर ट्रस्ट का हवाला देते हुए कोर्ट से कहा था कि दीपत्थून पर दीप जलाने की कोई परंपरा नहीं हैं। दीप मंडपम में दीप जलाया जाता है। इसलिए मंडपम में दीप जलाया गया। इसके बाद कोर्ट ने मंदिर के बोर्ड को भी सस्पेंड कर दिया। मुरुगन मंदिर की सारी व्यवस्था के लिए हाईकोर्ट के रिटायर जज जस्टिस वैद्यनाथन और जस्टिस पार्थिबन को रिसीवर अपॉइंट कर दिया है।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि साफ दिख रहा है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी सरकार के इशारे पर दीप प्रज्वलन की परंपरा को पूरा नहीं होने दिया गया। इसलिए कोर्ट की अवमानना के केस में हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के सचिव और आयुक्त, मदुरै के DM और SP मंदिर के CEO मंदिर ट्रस्ट बोर्ड के अध्यक्ष मेंबर्स को नोटिस जारी किया गया है। कोर्ट ने इस मामले में तमिलनाडु के चीफ सेक्रेट्री को 15 दिसंबर को व्यक्तिगत तौर पर अदालत में पेश होकर एफिडेविट फाइल करने को कहा है। 

बड़े अफसरों को जारी किया नोटिस

सुप्रीम कोर्ट ने चीफ सेक्रेट्री को कहा है कि वो अदालत के सामने अफसरों, नेताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच फोन पर हुई बातचीत और मैसेज का सारा रिकॉर्ड भी अदालत के सामने पेश करेंगे। जस्टिस अरविन्द कुमार और जस्टिस विपुल एम पंचोली की बेंच ने कहा कि कोर्ट के आदेश की इस तरह से अवहेलना को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने ये साफ कर दिया कि फिलहाल अदालत दीपत्थून पर हक को लेकर मंदिर और दरगाह के बीच चल रहे विवाद के मेरिट पर नहीं जाएगा। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट सिर्फ कंटेम्प्ट के केस को देखेगा।


इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

US: Another Afghan national arrested in Texas over TikTok 'bomb-making' video

यूपी में फिर चली 'तबादला एक्सप्रेस'! योगी सरकार ने किया 20 IAS अफसरों का ट्रांसफर

राज्यसभा चुनाव के लिए मध्य प्रदेश और कर्नाटक से बीजेपी उम्मीदवारों का ऐलान, विधान परिषद के लिए भी दो नाम दिए